भिवानी में शादी के एक हफ्ते बाद युवक की मौत:छात्र ने भी तोड़ा दम; नीलगाय से बचने में पेड़ से टकराई कार

भिवानी जिले के लोहारू क्षेत्र में बिसलवास गांव के पास रविवार को एक सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक 15 वर्षीय छात्र और एक नवविवाहित युवक शामिल हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों गैस सिलेंडर भरवाने के लिए लोहारू जा रहे थे। मृतकों की पहचान बिसलवास निवासी 15 वर्षीय योगेश पुत्र सुरेश और इंदिवाली निवासी 28 वर्षीय राकेश पुत्र होशियार सिंह के रूप में हुई है। योगेश कक्षा 10वीं का छात्र था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। राकेश की शादी इसी महीने 3 मई को हुई थी। हादसे के दिन उसकी शादी को केवल एक हफ्ता ही हुआ। वह भात मोड़ने के लिए अपने परिवार के साथ बिसलवास गांव आया हुआ था। जानकारी के अनुसार, रविवार को राकेश और योगेश एक कार में गैस सिलेंडर भरवाने के लिए बिसलवास से लोहारू जा रहे थे। बिसलवास पावर हाउस के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इस टक्कर में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी। डायल 112 बाढड़ा और लोहारू पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को लोहारू के उपनागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे शव राकेश अपने परिवार में चौथे नंबर पर था, उसकी दो बड़ी बहनें और एक बड़ा भाई है। योगेश अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। जांच अधिकारी रविन्द्र जांगड़ा ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *