मथुरा में बारात चढ़ने के दौरान दलित और ठाकुर समुदाय के बीच हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि दलित पक्ष की ओर से किसी ने पत्थर फेंका, जो ठाकुर समुदाय के एक दुकानदार को लग गया। विरोध करने पर दुकानदार के साथ गाली-गलौज की गई। इसके बाद ठाकुर समाज के लोग मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी व लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उपद्रवियों ने पुलिस को देखते ही पथराव शुरू कर दिया। इनमें महिलाएं भी शामिल थीं। उन्होंने हाथों में लाठी लेकर पुलिस वालों को दौड़ा लिया। झड़प में एसओ हाईवे शैलेंद्र सिंह, तारसी चौकी प्रभारी नितिन सिंह और एक महिला पुलिसकर्मी पत्थर लगने से घायल हो गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा। इसके बाद पुलिस ने शादी की रस्म पूरी कराई।घटना के बाद पुलिस ने पांच उपद्रवियों को हिरासत में लेकर थाने भेजा, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर क्षत्रिय महासभा के संरक्षक कुंवर नरेंद्र सिंह थाने पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनके समाज के लोगों ने कोई गलती नहीं की है। घटना दूसरे पक्ष की ओर से हुई है। निर्दोष लोगों पर कोई कार्रवाई न की जाए। घटना बुधवार देर रात थाना हाईवे क्षेत्र की है। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला बरसाना से आई थी बारात नेमचंद्र बरसाना के गांव भरनाकलां के रहने वाले हैं। उनके दो बेटोंअशोक और कुलदीप की शादी नरहौली गांव में भगवान दास की दो बेटियों लक्ष्मी और पूनम से तय हुई थी। बुधवार रात 10 बजे वह बारात लेकर गांव पहुंचे। बारात चढ़त के दौरान किसी ने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पत्थर ठाकुर समुदाय के एक दुकानदार को लगी। आरोप है कि जब उसने बारातियों के सामने विरोध जताया तो उसके साथ अभद्रता करने लगे। उसने अपने परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी। उसके बाद परिजन लोगों के साथ वहां पर पहुंचे। दोनों तरफ से गाली-गलौज होने लगा। उन्होंने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। थोड़ी ही देर में दोनों से पत्थर चलने लगे। मौके पर अफरा तफरी मच गई। पुलिस को देख उपद्रवियों ने किया पथराव गांव के लोगों ने इसकी सूचना थाना हाई वे क्षेत्र की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसओ हाइवे शैलन्द्र सिंह और तारसी चौकी प्रभारी नितिन सिंह मौके पर पहुंचे। वे अपनी लोगों से बात कर घटना की जानकारी ले ही रहे थे की उपद्रवियों ने उनके ऊपर पथराव कर दिया। पत्थर लगने से दोनों पुलिसकर्मी और एक अन्य महिला घायल हो गई। बवाल की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। थोड़ी ही देर में एसपी सिटी राजीव कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। भरतपुर रोड पर आधे घंटे तक रुका ट्रैफिक पुलिस ने लाठी लेकर उपद्रवियों को दौड़ाया। उपद्रवी फोर्स को देखने के बाद भी शांत नहीं हुए। वे पुलिस को लाठी और ईंट लेकर दौड़ाने लगे। उनके साथ महिलाएं भी थी। पुलिस ने हालात बिगड़ते देख लाठियां भांजनी शुरू कर दी। इसके बाद उपद्रवी भागने लगे। इसके बाद भीड़ वहां से हटी। इस दौरान आधे घंटे से भी अधिक समय तक भरतपुर रोड पर ट्रैफिक बाधित रहा। दुल्हन का भाई बोला- पत्थर चलने को हुआ था विवाद दुल्हन के भाई नाहर सिंह ने बताया- मेरे दो बहनों की आज बारात आई थी। रात 10 बजे के करीब बारात चढ़त के दौरान किसी ने पथराव कर दिया। पत्थर ठाकुर समुदाय के एक दुकानदार ( रवि मिष्ठान भंडार) को लगी। वह बीमार था। इसके बाद से ही विवाद शुरू हुआ। पत्थर किसने फेंका था इसके बारे में पता नहीं चल पाया है। पुलिस की मौजूदगी में शादी सम्पन्न हुई। क्षत्रिय महासभा के संरक्षक बोले- हमारे समाज के लोगों ने नहीं की कोई गलती क्षत्रिय महासभा के संरक्षक कुंवर नरेंद्र सिंह घटना की जानकारी होने के बाद गुरुवार सुबह थाने पहुंचे। उनके साथ क्षत्रिय समाज के कई अन्य लोग भी थे। इस दौरान कुंवर नरेंद्र सिंह ने मीडिया से भी बात की । उन्होंने बताया- कल दो बेटियों की बारात आई हुई थी। कुछ लोगों ने शराब पीकर जानबूझकर उधम मचाया। महराणा प्रताप की मूर्ति के आगे मलमूत्र किया। हमारे समाज के लोगों ने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस पर पथराव किया किया गया।
निर्दोषों पर न की जाए कार्रवाई इस घटना में एक महिला के हाथ और पैर भी टूट गए । वह अस्पताल में जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रही है। उन्होंने हमारे समाज के लोगों के खिलाफ मीडिया में भी उल्टा सीधा बयान दिया है। हमारे समाज के लोगों के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत की है । जबकि हमारी कोई गलती नहीं है। मैंने एसपी से बात की है। उनसे कहा है कि निर्दोषों पर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। अगर वे समझौता करना चाहते हैं तो हम उसके लिए भी तैयार हैं। एसपी बोले- 5 लोगों को हिरासत में लिया एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि शादी की रस्म करा दी गई हैं। उपद्रव करने के मामले में 5 लोगों को हिरासत में लिया है। पथराव में एक महिला और दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। मामले की छानबीन चल रही है। ———————————— ये खबर भी पढ़ें… अखिलेश बोले-90 दिन में 69 हजार शिक्षक भर्ती पूरी करेंगे, सरकार आई तो जातीय जनगणना कराएंगे सपा मुखिया अखिलेश यादव ने 69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण घोटाले का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के 90 दिन के भीतर भर्ती प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि OBC और SC वर्ग को तय आरक्षण नहीं मिला। पूरी खबर पढें…