मोगा के गिल रोड स्थित गली नंबर तीन में आज तड़के एक घर में भीषण आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 5 बजे हुई, जिसमें लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घर में रहने वाले विशाल ने बताया कि वह सो रहे थे, तभी धुएं और जलने की गंध आने लगी। बाहर आकर देखने पर घर में आग लगी हुई थी। उन्होंने तुरंत अपनी पत्नी और 2 बच्चों को जगाया और सुरक्षित घर से बाहर निकाला। घर का अधिकांश सामान जला आग इतनी तेजी से फैली कि घर का अधिकांश सामान जल गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। विशाल के अनुसार, आग में करीब 2 लाख रुपये नकद से भरा एक बैग भी जल गया। एसी का कारोबार करता है परिवार उन्होंने बताया कि वे इस घर में किराए पर रहते हैं और एसी का कारोबार करते हैं। आग से लगभग 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार का सारा सामान जल जाने से उन्हें भारी नुकसान हुआ है।