मोगा के कस्बा बाघा पुराना में मामूली विवाद के बाद एक कार ड्राइवर की पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। पिटाई से कार ड्राइवर अमनदीप सिंह घायल हो गया। हमलावरों ने अमनदीप सिंह की कार का शीशा भी तोड़ दिया है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव मानूंके निवासी अमनदीप सिंह ने बताया कि वह बच्चों को स्कूल से लेकर वापस आ रहा था। थाने के पास एक बाइक सवार ने अचानक उनकी कार के सामने ब्रेक लगा दी, जिससे उनकी कार हल्की सी मोटरसाइकिल से टकरा गई। उस समय सड़क पर भीड़ होने के कारण कार की रफ्तार धीमी थी। बाइक से कार टकराने को लेकर विवाद अमनदीप सिंह के अनुसार, बाइक सवार गुस्से में आ गया और उसने उसकी कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी ने अमनदीप सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान हमलावर ने उसके कान पर किसी किसी नुकीली वस्तु से वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। अमनदीप सिंह के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के समय कार में बैठे एक बच्चे के सिर में भी कार के शीशे के कांच लगने की जानकारी मिली है। इस मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पीड़ित ने बताया कि पुलिस ने आरोपी हमलावर को हिरासत में ले लिया है। बाघा पुराना पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।