मोहाली थाने से दो नाइजीरियन युवक फरार:पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए थे. दीवार कूद कर भागे, एक पकड़ा गया, दूसरे की तलाश

मोहाली जिले के थाना सदर खरड़ में उस समय हड़कंप मच गया, जब पूछताछ के लिए लाए गए दो नाइजीरियाई युवक पुलिस को चकमा देकर हिरासत से फरार हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को कुछ ही देर में काबू कर लिया, जबकि दूसरा अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपियों को थाने के भीतर एक कमरे में बैठाया गया था, जो हवालात और वॉशरूम के समीप स्थित है। बुधवार दोपहर करीब 1:45 बजे दोनों युवकों ने भागने की साजिश रची। उन्होंने कमरे की खिड़की तोड़ी और बाहर निकल आए। इसके बाद वे थाना परिसर की पिछली बाउंड्री वॉल फांदकर पीछे स्थित झाड़ियों और सुनसान इलाके की ओर भाग निकले। थाने में मची अफरा-तफरी, स्टाफ में हड़कंप युवकों के फरार होने की सूचना मिलते ही थाने में तैनात पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। उस समय वेटिंग हॉल में अपनी शिकायतें लेकर बैठे लोग भी अचानक मची भगदड़ देख हैरान रह गए। घटना के तुरंत बाद सारा स्टाफ आरोपियों की तलाश में बाहर की ओर भागा। सघन तलाशी अभियान और एक की गिरफ्तार मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ और डीएसपी खरड़ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने थाने के पीछे स्थित जंगलनुमा क्षेत्र की घेराबंदी की। करीब आधे घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद एक आरोपी को झाड़ियों में छिपा हुआ पकड़ लिया गया। दूसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए थे आरोपी सूत्रों के अनुसार, दोनों युवकों को लुधियाना की एक युवती द्वारा दी गई मारपीट और दुराचार की शिकायत के आधार पर पूछताछ के लिए लाया गया था। हालांकि, कुछ अन्य सूत्रों का कहना है कि यह मामला एनडीपीएस (NDPS) एक्ट से भी जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने आधिकारिक तौर पर आरोपों की पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों ने साधी चुप्पी हिरासत से भागने की इस बड़ी लापरवाही पर पुलिस विभाग के आला अधिकारी फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। घटना के इतने घंटों बाद भी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *