मोहाली में श्री गुटका साहिब की बेअदबी:सड़क पर बिखरे मिले अंग, गुस्साए लोगों ने एयरपोर्ट रोड जाम किया, इलाके में माहौल तनावपूर्ण

मोहाली के सोहाना इलाके में श्री गुटका साहिब की बेअदबी की गई। गुरुद्वारा सिंह शहीदां के पास स्थित माता साहिब कौर गुरुद्वारा के पास सड़क पर श्री गुटका साहिब के क्षतिग्रस्त अंग मिले हैं। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। इंसाफ की मांग को लेकर सिख संगत ने एयरपोर्ट रोड पर जाम कर दिया। इससे काफी देर तक यातायात बाधित रहा। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। अधिकारियों का कहना है कि नए कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही दोषी पुलिस की गिरफ्त में होगा। सेवादार ने देखे गुटका साहिब के अंग जानकारी के अनुसार, मामला मंगलवार शाम का है। घटना का पता तब चला जब गुरुद्वारे में तैनात सेवादार ने श्री गुटका साहिब के अंगों को जमीन पर गिरा देखा। देखते ही देखते खबर पूरे इलाके में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। बेअदबी से नाराज लोगों ने इकट्‌ठा होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने एयरपोर्ट रोड को बंद कर दिया, जिससे यातायात ठप हो गया। इस दौरान वाहनों की लंबी लाइनें देखने मिलीं। माहौल खराब करने की कोशिश मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि यह किसी साजिश का हिस्सा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पास ही स्थित गुरुद्वारा सिंह शहीदां में श्री गुटका साहिब रखे हुए हैं। संभावना है कि ये अंग वहीं के हो सकते हैं। लोगों का कहना है कि जानबूझकर इलाके की शांति भंग करने और तनाव पैदा करने के लिए ऐसी हरकत की गई है। उन्होंने मांग की है कि इसकी बारीकी से जांच हो कि ये अंग वहां तक कैसे पहुंचे? इन्हें किसने गुरुद्वारा साहिब से उठाया? लोग बोले- यह किसी मंदबुद्धि का काम नहीं स्थानीय निवासियों का कहना है कि सरकार ने नया कानून पास किया है, उसके बावजूद भी लोगों में कोई डर नहीं है। यह कानून इसीलिए पास किया है कि पीछे कई सालों से इस तरह की घटनाएं हो रही थीं। उन घटनाओं को रोकने के लिए यह कानून पास किया गया। इलाके में एक से डेढ़ किलोमीटर तक इस तरह से अंग पड़े मिले हैं और यह पंजाब में माहौल खराब करने की साजिश है। कई सालों से इस तरह के केस हो रहे हैं। यह कोई मंदबुद्धि व्यक्ति का काम नहीं है। यह जानबूझकर साजिश की गई है। DSP बोले- सीसीटीवी खंगाल रहे तनाव को देखते हुए मोहाली सिटी-2 के DSP हरसिमरन सिंह बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत करवाया और भरोसा दिया कि पुलिस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है। DSP ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची जा रही है। जो भी दोषी होगा उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह मोहाली जिले का पहला मामला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *