पठानकोट में एक 27 वर्षीय युवक की तेजधार हथियारों से वार कर हत्या कर दी गई। वहीं, उसके एक दोस्त को सिर में दातर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उसे पठानकोट के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसके परिजन उसे प्राइवेट अस्पताल में ले गए। वहां उसकी हालात गंभीर बनी हुई है। मृतक की पहचान नरोट जयमल सिंह के गांव तालुका के रहने वाले राजकुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक का नाम तनुज कुमार (21) है। वह भी इसी गांव का रहने वाला है। घायल ने बताया है कि गांव के ही 4 लोगों ने उन्हें बोलेरो गाड़ी से पीछा कर रोका और बीच रास्ते में घेरकर हमला किया। इनमें 3 सगे भाई हैं। उनमें से एक आरोपी ने कहा- पकड़ लो राजकुमार को। आज इसे जिंदा नहीं जाने देना। हमारे साथ दुश्मनी रखने का मजा इसे चखा दो। घायल के बयानों के आधार पर पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले में आरोपी सभी 4 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घायल ने वारदात की पूरी कहानी बताई… मृतक की टांग, बाजू, आंखों पर घाव मृतक के जीजा रविंद्र कुमार ने बताया कि आरिपियों ने दोनों को दातर मारे। हमले में राजकुमार और तनुज दोनों बुरी तरह घायल हुए। पारिवारिक सदस्यों का कहना है कि राजकुमार के सिर, पेट, छाती, गर्दन और टांगों पर गहरे घाव थे। जबकि, तनुज के सिर पर दातर से गहरा घाव हुआ है। उन्होंने बताया कि राजकुमार को जब अस्पताल लाया गया तो उसकी मौत हो गई। उसकी बाई टांग कई जगह से फ्रैक्चर हुई थी। इसके अलावा उसकी आंखों में भी गहरे घाव थे। DCP बोले- 4 लोगों को गिरफ्तार किया इस मामले में DCP रूरल सुखजिंदर सिंह ने कहा कि राजकुमार और आरोपी बबली कुमार की पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। थाना नरोट जयमल सिंह की पुलिस ने तनुज कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी बबली कुमार, जतिंदर कुमार, सुनील कुमार और नवी मेहरा निवासी नरोट जयमल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। लाश का पोस्टमॉर्टम करवाने के लिए लाश को सिविल अस्पताल भिजवाया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।