यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला आज से खत्म हो रहा है और अब गर्मी अपना असर दिखाएगी। पश्चिम यूपी समेत बाकी इलाकों में सुबह से मौसम साफ है। तेज धूप निकली है। ठंडी हवा ने गर्मी से राहत दिलाई। मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ रहा है। 2 दिन तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। पारा 5-6°C तक उछलकर फिर से 45°C के पार पहुंच सकता है। इससे प्रचंड गर्मी पड़ेगी। शनिवार को प्रदेश में झांसी सबसे गर्म जिला रहा। यहां 40°C तापमान दर्ज किया गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- यूपी में 30 अप्रैल से चल रहे बारिश के सिलसिले पर अब ब्रेक लग जाएगा। इससे तापमान बढ़ेगा। गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। लगातार बारिश की वजह से अधिकतम तापमान 8°C तक गिर गया है। 28 अप्रैल को सबसे ज्यादा 47.6°C तापमान बांदा में रिकॉर्ड किया गया था, जो 9 मई को गिरकर 40°C तक लुढ़क गया। 13 मई से नया विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे बारिश का नया दौर शुरू होगा। मौसम में उतार-चढ़ाव क्यों? मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड के पहाड़ों पर मौसम लगातार बदल रहा है। कहीं बर्फबारी तो कहीं बारिश हो रही है। किसी-किसी दिन धूप के साथ मौसम साफ हो जा रहा है। पहाड़ों पर अगले 2 से 3 दिन भी ऐसे ही उतार-चढ़ाव के आसार है। इसका सीधा असर यूपी में दिख रहा है। पहाड़ों से आने वाली हवाएं मौसम को ठंडा बनाए हुए हैं। बारिश के अनुकूल सिस्टम तैयार कर रही हैं। अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? 11 मई: पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। तेज धूप निकलेगी। दिन का पारा चढ़ेगा। 12 मई: पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। तेज धूप निकलेगी। कुछ इलाकों में शाम को बादल छा सकते हैं। 13 मई: पूरे प्रदेश में बादए छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश होगी। आंधी चलेगी। 14 मई: तेज हवा के साथ पूरे प्रदेश में बारिश होगी। कहीं-कहीं ओले और बिजली भी गिर सकती है। 15 मई: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। तेज हवाएं चलेंगी। ———————— ये खबर भी पढ़िए- दुनिया के तपते रेगिस्तानों से भी गर्म यूपी का बांदा: अमेरिका की डेथ वैली का 57, लुत मरुस्थल का पारा 71 डिग्री तक पहुंचा था.. अब ये कितने गर्म यूपी के बांदा की चर्चा इन दिनों देश-दुनिया में है। कारण है, भीषण गर्मी। 27 अप्रैल को यहां का तापमान 47.6°C तक पहुंच गया। इस दिन यह दुनिया का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। सवाल उठा कि दुनिया में भीषण तपने वाले रेगिस्तानों से भी यह गर्म है? अगर हां, तो वहां का तापमान कितना है? मौसम वैझानिक कहते हैं- बांदा का तापमान पिछले 20 साल से लगातार बढ़ रहा है। जून, 2019 में तो यहां का पारा 49°C पार कर गया था। पढ़ें पूरी खबर…