रोपड़ नगर कौंसिल चुनाव मतदान की तारीख नजदीक आते ही सियासी सरगर्मी और तनाव चरम पर पहुंच गया है। देर रात पुलिस द्वारा हवेली कलां के पास से एक इनोवा गाड़ी से अवैध शराब जब्त किए जाने के बाद शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने विपक्षी दलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और चुनाव में नशे के इस्तेमाल के गंभीर आरोप लगाए हैं। यहां के वार्ड नंबर 17 में पुलिस ने इन्नोवा गाड़ी से शराब की पेटी बरामद की है। इसको लेकर अकाली दल ने सत्ता दल और दूसरे विपक्षी दलों में नशा पिलाकर वोट खरीदने का आरोप लगाया है। उधर पुलिस का कहना है कि गाड़ी में शराब पकड़ी है, आरोपियों की तलाश की जा रही है। हवेली कलां के पास से डेढ़ पेटी अवैध शराब बरामद दूसरी ओर, थाना सिटी रोपड़ के एसएचओ पवन कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एसएसपी के सख्त निर्देशों पर चुनाव के मद्देनजर पुलिस टीमें लगातार गश्त (पेट्रोलिंग) कर रही हैं। इसी दौरान हवेली कलां के पास एक संदिग्ध गोल्डन रंग की बिना बैनर वाली इनोवा गाड़ी खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद गाड़ी को घेरा। आबकारी विभाग (Excise Department) की मौजूदगी में जब गाड़ी की तलाशी ली गई, तो उसमें से करीब डेढ़ पेटी अवैध शराब बरामद हुई। इन्नोवा गाड़ी जब्त, आरोपी फरार एसएचओ पवन कुमार ने बताया कि पुलिस ने अवैध शराब और इनोवा गाड़ी को कब्जे में ले लिया है और गाड़ी के मालिक के खिलाफ आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। नामजद आरोपी फिलहाल फरार है, जिसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान माहौल खराब करने या गड़बड़ी फैलाने वाले किसी भी शरारती तत्व को कतई बख्शा नहीं जाएगा। उनका कहना है कि चुनाव में किसी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। अकाली दल के आरोप- जीत के लिए लालच का सहारा “वोट खरीदने के लिए बांटी जा रही है शराब और सूट”: शिरोमणि अकाली दल की उम्मीदवार जसविंदर कौर शैली के पति और स्थानीय अकाली नेता ने विपक्षी उम्मीदवारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी दल अपनी काबिलियत पर भरोसा खो चुके हैं और चुनाव जीतने के लिए अनैतिक हथकंडे अपना रहे हैं। कोल्ड ड्रिंग्स की बोतलों में बांटी जा रही शराब:अकाली नेता ने दावा किया कि विरोधी उम्मीदवार मोटरसाइकिल-स्कूटरों की डिब्बियों और कोल्ड ड्रिंक की बोतलों में छिपाकर लोगों के घरों तक नशा पहुंचा रहे हैं। हमें आशंका है कि 25 तारीख की रात को मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए बड़े स्तर पर पैसे, सूट और नशा बांटने की साजिश रची जा रही है। निष्पक्ष होकर कार्रवाई करे पुलिस: अकाली नेताओं का कहना है कि सरकार के लोग भी वोटरों की प्रभवित कर रहे हैं। इस पर तुरंत रोक लगनी चाहिए। उन्होंने एसएसपी रूपनगर से अपील की है कि वे मौजूदा सरकार के किसी भी राजनीतिक दबाव में आए बिना दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करें ताकि चुनाव पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सकें।