हरियाणा के यमुनानगर में एक युवक ने लव मैरिज के बाद अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। वह सुहागरात के बाद उसे होटल में ही छोड़कर फरार हो गया। बुडिया थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर युवक और उसके परिवार वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। युवती के अनुसार, वह 6 साल पहले युवक से मिली थी। 7 अप्रैल को युवक ने उसे अपनी दुकान पर बुलाकर मारपीट की। जब मामला थाने पहुंचा, तो वह शादी करने के लिए राजी हो गया। 11 अप्रैल को दोनों ने शादी कर ली, जिसके बाद वह उसे एक होटल में ले गया। वहां, परिवार वालों द्वारा आत्महत्या की धमकी देने के बाद उसने युवती के साथ मारपीट की। जानिए युवती ने क्या आरोप लगाए… 6 साल पहले शुरू हुई बातचीत युवती ने बताया कि सचिन मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता है। छह साल पहले मैं सचिन की नत्थनपुर स्थित दुकान के सामने एक पार्लर में काम सीखती थी। इसी दौरान मेरी सचिन से बातचीत शुरू हुई। सचिन मुझसे शादी करने का वादा करता था, जिसके चलते मैंने उस पर विश्वास कर लिया। 7 अप्रैल को दुकान में बुलाकर मारपीट युवती ने आगे बताया कि सचिन के परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे। 7 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे सचिन ने मुझे किसी काम के बहाने अपनी दुकान पर बुलाया। उस समय दुकान में सचिन के साथ उसका भाई नितिन और उसके चाचा का लड़का आर्यन भी था। वहां नितिन और आर्यन ने मेरे साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। राहगीर की मदद से पुलिस बुलाई युवती ने आरोप लगाया कि उन्होंने दुकान का शटर बंद कर मुझे थप्पड़ मारे। बाल पकड़कर खींचे और मोबाइल भी छीन लिया। रात 11 बजे तक मेरे साथ मारपीट की। इसके बाद मुझे जबरन गाड़ी में बिठाकर ले गए। वे खेतों के पास ले गए। एक राहगीर की मदद से मैंने डायल 112 पर फोन किया। इसके बाद पुलिस सभी को थाने ले गई। 11 अप्रैल को शादी की, होटल ले गया उसने कहा कि थाने में पुलिस कार्रवाई के डर से सचिन मुझसे शादी करने को राजी हो गया। 11 अप्रैल को सचिन ने अमादलपुर के शिव मंदिर में मुझसे लव मैरिज कर ली। इसी दिन रात को सचिन मुझे जगाधरी स्थित द किंग होटल हे गया। तभी सचिन के माता-पिता, भाई नितिन और नितिन की पत्नी अंकिता ने फोन पर मुझे जातिसूचक शब्द कहे। मारपीट के बाद होटल में छोड़कर भागा युवती ने आरोप लगाया कि उन्होंने सचिन पर दबाव बनाया कि उसने छोटी जाति की लड़की से शादी कर उनकी बदनामी की है। अगर वह मेरे साथ रहेगा तो वे आत्महत्या कर लेंगे। इस बात से गुस्साए सचिन ने होटल में ही मेरे साथ मारपीट की और वहीं छोड़कर चला गया। मैं उसे रोकने के लिए उसके पीछे भागी, लेकिन उसने एक नहीं सुनी। होटल संचालक बोला- रोती हुई आई युवती किंग होटल के संचालक ने बताया कि 11 अप्रैल की रात को युवक और युवती की आईडी लेकर कमरा दिया था। रातभर उन्हें किसी प्रकार की लड़ाई झगड़े की कोई आवाज सुनाई नहीं दी। सुबह दोनों ने चेक आउट किया और इकट्ठे होटल से बाहर गए। 5 मिनट बाद युवती रोते हुए होटल में आई और कहां की युवक उसे छोड़कर फरार हो गया है। इसके बाद युवती के परिजन भी होटल में पहुंचे। थाना प्रभारी बोले- SC/ST एक्ट में केस दर्ज किया बुडिया थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि 7 अप्रैल को जब झगड़ा हुआ तो सचिन ने पुलिस के सामने युवती से शादी करने की बात कही थी। उस समय कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई। इसके बाद दोनों ने 11 अप्रैल को शादी कर ली। युवती ने अब उस पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। फिलहाल शिकायत पर SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।