लुधियाना हैबोवाल के जस्सियां रोड स्थित हैबोवाल इलाके में पड़ोसियों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यह पूरी घटना गाड़ी खड़ी करने और निकलने की जगह को लेकर शुरू हुई जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पहला पक्ष: जतिंदर सिंह के आरोप घायल युवक जतिंदर सिंह ने बताया कि वह अपने घर के बाहर गाड़ी धो रहा था। इसी दौरान उसके पड़ोसी गुलशन धीर वहां आए। जतिंदर के मुताबिक उसने पड़ोसियों से सिर्फ 2 मिनट का समय मांगा था ताकि वह गाड़ी या मोटरसाइकिल हटा सके और उन्हें निकलने की जगह मिल सके। जतिंदर का आरोप है कि इतनी सी बात पर गुलशन धीर का बेटा गौतम धीर नीचे आया और हाथापाई शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि गुलशन धीर ने जतिंदर पर हमला किया और उसका कान काट दिया। जतिंदर ने इंसाफ की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की अपील की है। दूसरा पक्ष: गुलशन धीर की सफाई वहीं दूसरे पक्ष के गुलशन धीर का कहना कुछ और ही है। उन्होंने बताया कि जतिंदर गाड़ी धो रहा था और निकलने के लिए जगह नहीं थी। जब उन्होंने गाड़ी हटाने को कहा तो जतिंदर ने मना कर दिया। गुलशन धीर के अनुसार विवाद के दौरान जतिंदर का भाई भी घर से बाहर निकल आया और उनके बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। गुलशन धीर का आरोप है कि जतिंदर के पक्ष ने रॉड से उन पर हमला किया जिससे उनके नाक पर चोटें आई। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने जो कुछ भी किया वह केवल अपने बचाव में किया। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जतिंदर के परिवार के साथ उनका पुराना विवाद भी चल रहा है। पुलिस कार्रवाई की तैयारी दोनों ही पक्ष फिलहाल इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचे हैं। घायल जतिंदर सिंह के कान पर गहरी चोट है और उसका काफी खून बह चुका है। जिसके चलते उन्हें निजी अस्पताल में रेफेर कर दिया गया है। पीड़ित पक्ष ने बताया कि अस्पताल से उपचार के बाद वे हैबोवाल थाना जगतपुरी चौकी में आधिकारिक शिकायत दर्ज करवाएंगे।