लुधियाना में रिश्तेदार ने ही जलाई कारोबारी की क्रेटा:3 आरोपी किए गिरफ्तार, एक्टिवा में आए थे युवक; 20 दिन के बाद मामला ट्रेस

लुधियाना में होजरी कारोबारी की क्रेटा को आग लगाने के मामले में पुलिस ने 20 दिन बाद बड़ा खुलासा किया है। थाना जगतपुरी पुलिस ने कारोबारी की कार को आग लगाने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने वालों में शिकायतकर्ता का एक रिश्तेदार भी शामिल निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि आपसी कहासुनी के बाद आरोपी कारोबारी से रंजिश रखने लगा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चिराग मिगलानी, अरुण बरनार्ड उर्फ काका और मनीष कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई है। तीनों ऋषि नगर इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। रात 3:49 बजे लगाई थी कार में आग थाना जगतपुरी के एएसआई सुखजिंदर सिंह के अनुसार 26 अप्रैल को सार्थक मल्होत्रा ने शिकायत दी थी कि उसकी हुंडई क्रेटा कार को अज्ञात युवकों ने आग लगा दी। कार सुरजीत एन्क्लेव स्थित उसके घर के बाहर खड़ी थी। पुलिस ने इलाके के CCTV कैमरे खंगाले तो सामने आया कि बाइक/स्कूटर सवार तीन युवक देर रात करीब 3:49 बजे मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने कार पर ज्वलनशील पदार्थ डाला और आग लगाकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 326(G) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस पुलिस ने लगातार CCTV फुटेज और आरोपियों के मूवमेंट को ट्रेस किया। जांच के दौरान तीनों आरोपियों की पहचान हुई और शनिवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कूटर भी बरामद कर लिया है। रिश्तेदार ने रची थी साजिश जांच में सामने आया कि आरोपी चिराग मिगलानी का रिश्तेदारी संबंध शिकायतकर्ता सार्थक मल्होत्रा से है। कुछ दिन पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। परिवार के लोगों ने उस समय मामला शांत करवा दिया था, लेकिन चिराग मन में रंजिश रखे हुए था। पुलिस के मुताबिक चिराग ने अपने जीजा को सबक सिखाने के लिए पूरी साजिश रची। उसे पता था कि सार्थक हर रात अपनी कार घर के बाहर सड़क पर पार्क करता है। इसके बाद उसने अपने दो दोस्तों को साथ मिलाकर वारदात को अंजाम दिया। एक युवक रख रहा था नजर पुलिस जांच में यह भी पता चला कि वारदात के दौरान एक आरोपी स्कूटर से उतरकर आसपास नजर रख रहा था, जबकि बाकी दो आरोपियों ने बोतल से पेट्रोल डालकर कार को आग लगा दी। वारदात के बाद तीनों मौके से फरार हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *