लेडी डॉक्टर से रेप करने वाला लुधियाना का इंजीनियर निकला:अमृतसर में मांग में सिंदूर भरा, फिर विदेश भागा; पीड़िता की जुबानी, पूरी कहानी

उसने खुद को साइबर सिक्योरिटी इंजीनियर बताया…भरोसा दिलाया, शादी का वादा किया और फिर मेरी पूरी जिंदगी बर्बाद कर दी ये कहना है लेडी डॉक्टर का, जिसके साथ लुधियाना के युवक ने रेप किया। पीड़िता ने कहा कि पहले स्नैपचैट पर जुड़ा, 6 महीने बाद बातचीत शुरू कर नजदीकियां बढ़ाईं और उसे गोल्डन टेंपल, वैष्णो देवी व महाकाल जैसे धार्मिक स्थानों पर ले जाकर बार-बार शादी का भरोसा देता रहा और मांग भरी। पीड़िता ने कहा कि इसी भरोसे के बाद उसे अपने घर ले जाकर शोषण किया गया और परिवार ने भी साथ दिया। जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी ने दूरी बना ली, लेकिन उससे पहले उसके सोशल मीडिया तक पहुंच बनाकर निजी फोटो-वीडियो हासिल कर लिए। हालात ऐसे बने कि उसे अपनी इंटर्नशिप बीच में छोड़नी पड़ी और घर लौटना पड़ा। FIR दर्ज होने के बावजूद मुख्य आरोपी अब तक फरार है। पिता की गिरफ्तारी हो चुकी है, मां को अग्रिम जमानत मिल गई, जबकि आरोपी के खिलाफ सिर्फ लुकआउट सर्कुलर जारी हुआ। पीड़िता ने कहा कि इसी बीच आरोपी ने पासपोर्ट बनवाया और विदेश भाग गया। लेडी डॉक्टर को कैसे प्यार में फंसाया, कब मिले, कैसे बात शुरू हुई….और अब 1400 किलोमीटर दूर बिहार में बैठे परिवार को भी धमकियां मिल रही हैं। पढ़ें लेडी डॉक्टर की जुबानी, केस की पूरी कहानी… नंबर लेने के 6 महीने बाद बातचीत शुरू की: पीड़िता ने कहा- मैं 2021 में बिहार से पंजाब में BAMS की पढ़ाई करने के लिए आई थी। एक साल पढ़ाई करने के बाद हॉस्टल से बाहर रहने लगी, तो एक लड़का, जिसका नाम जगरूप सिंह पूनिया है, जो समराला लुधियाना का रहने वाला है, स्नैपचैट के माध्यम से मिला। उसने खुद को साइबर सिक्योरिटी इंजीनियर बताया। इसके बाद दोनों के नंबर शेयर हुए, लेकिन दोनों में कोई बात नहीं हुई। 6 महीने के बाद उसने मुझसे बात शुरू की। बातचीत में वह मेरे करीब आ गया। हम दोनों एक-दूसरे के साथ आने-जाने लगे। धार्मिक स्थानों पर ले जाकर मांग भरता था: पीड़िता ने कहा- इसके बाद वह मुझे सबसे पहले अमृतसर गोल्डन टेंपल के पास मिला। इसके बाद वैष्णो देवी और मध्य प्रदेश में महाकाल में वह मुझे मिलता रहा। वह हर बार मेरी मांग में सिंदूर भरता था, और भरोसा देता था कि मुझसे ही शादी करेगा। लेकिन मैंने उसे कहा कि हमें शादी अब कर लेनी चाहिए। यहीं से मेरी जिंदगी की असल मुसीबत शुरू हुई। इस वजह से मेरी पढ़ाई से लेकर करियर तक सब चौपट हो गया। घर पर लेकर जाकर शोषण किया, मां-बाप ने साथ दिया: पीड़िता ने कहा- पहलगाम में जब हमला हुआ था, तो मैं अपने घर जाने वाली थी। तब वह मुझे अपने घर समराला में लेकर गया। इस दौरान उसने मुझे अपने कमरे में रखा। मेरा शोषण करने के लिए उसके मम्मी-पापा ने उसका पूरा साथ दिया। उन्होंने दरवाजा बंद कर दिया। इस दौरान मेरा शोषण किया। मैं उससे गिड़गिड़ाती रही कि मेरा फाइनल ईयर का पेपर है, मुझे घर जाने दो, मैं एग्जाम देकर आऊंगी, लेकिन वह नहीं सुन रहा था। उसे पता था कि मैं एग्जाम मिस नहीं कर सकती, मेरी बातें घर तक पता लग जाएंगी। मैं बहुत रिक्वेस्ट करके वहां से निकली। उसके बाद उसने मुझे समराला बस स्टैंड पर छोड़ दिया। लेकिन उसे यह डर था कि मैं पुलिस शिकायत कर सकती हूं, इसलिए वह मुझे फॉलो करता रहा। इंस्टाग्राम हैक कर फोटो वीडियो भी निकाल लिए: पीड़िता ने कहा कि इसके बाद भी आरोपी ने मुझसे बातचीत शुरू की। मीठी-मीठी बातें करता रहा, लेकिन जब मैंने उसकी बातों पर गौर नहीं किया, जब उसे लगा कि मैं उसकी नहीं सुन रही हूं, तो उसने मुझे धमकियां देना शुरू कर दी और कहा- मेरे पास तेरी फोटो व वीडियो हैं। वह पेशे से साइबर सिक्योरिटी इंजीनियर है, उसे अच्छे से पता है कि साइट कैसे हैक होती है। इस तरीके से उसने मेरा इंस्टाग्राम हैक करके बहुत सारे वीडियो व चैट निकाल लीं, जिससे वह मुझे ब्लैकमेल करता रहा। इंटर्नशिप बीच में छोड़कर घर आ गई: पीड़िता ने कहा कि वह अपनी इंटर्नशिप करने के लिए कर्नाटक चली गई थी। वहां जाकर उससे कहा कि वह उससे शादी ले। इतना सुनने के बाद उसने एकदम अपना नंबर बंद कर दिया और उससे कॉन्टैक्ट तोड़ लिया। उसने मुझे रिस्पॉन्ड करना बंद कर दिया। इस वजह से वह काफी परेशानी में आ गई। उसे समझ नहीं आ रहा था कि अब क्या करेगी। वह अपनी इंटर्नशिप बीच में छोड़कर अपने घर पहुंच गई। जगरूप के परिवार ने घर से धक्के मारकर निकाला: पीड़िता ने कहा कि इसके बाद उसने अपने मम्मी-पापा और परिवार को सारी बात बताई। इसके बाद मम्मी-पापा व अन्य पारिवारिक सदस्य 1 फरवरी को समराला आए। उसके पापा हार्ट के मरीज हैं, वह सफर तक नहीं करते, लेकिन मेरे लिए यहां आए। मेरे पापा ने जगरूप के पेरेंटस को कहा कि मेरी बेटी की इज्जत खराब कर दी है। अब इसे अपना लो, शादी कर लो। पापा का कहना था कि यह बच्चे हैं, सब चीजें नॉर्मल हो जाएंगी। लेकिन इस दौरान उनके परिवार वालों ने शादी की बात तो दूर, मारपीट शुरू कर दी। धक्के मारकर घर से निकाल दिया। फिर बेटे को बेदखल किया, अखबार में नोटिस दिया: पीड़िता ने कहा कि जब हम समराला पहुंचे तो उसके पेरेंटस ने बड़ी होशियारी से 3 फरवरी को उसे बेदखल करने का एक पब्लिक नोटिस अखबार में जारी कर दिया। 4 फरवरी को आरोपी ने पासपोर्ट के लिए अप्लाई किया, जो 7 फरवरी को बनकर आ गया। उसके बाद उसने विदेश जाने की तैयारी कर ली। उसने समराला के सरपंच, पुलिस व सबसे संपर्क किया, लेकिन उन्हें कहीं न्याय नहीं मिल रहा था। पिता गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर कार्रवाई नहीं: पीड़िता ने कहा कि जब जगरूप और उसके परिवार वालों ने नहीं सुनी, तो 16 फरवरी को उसने FIR दर्ज करवाई। 17 फरवरी को आरोपी के पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, लेकिन उसकी माता को गिरफ्तार नहीं किया। जगरूप, जो कि मामले का मुख्य आरोपी है, उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसकी मां को अग्रिम जमानत मिल चुकी है, लेकिन आरोपी का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। केवल लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है, लेकिन अभी तक वह पकड़ में नहीं आया है। पता चला है कि वह विदेश भाग गया है। वह डीएसी को मेल तक कर चुकी है। महिला डॉक्टर ने बताया कि इस वजह से वह मेंटल ट्रॉमा में है। उसकी इंटर्नशिप काफी पीछे रह गई। करियर से लेकर हर चीज का नुकसान हुआ है। समझ नहीं आ रहा कि क्या करें। जो उम्र करियर के लिए सबसे महत्वपूर्ण है, उसमें उसे इंसाफ के लिए धक्के खाने पड़ रहे हैं। 1400 किमी दूर भी मिल रही धमकियां: महिला डॉक्टर ने बताया कि उसका घर बिहार में है, जो कि समराला से करीब 1400 किलोमीटर दूर है, लेकिन वहां भी जगरूप व उसके परिवार वाले उन्हें धमकियां दे रहे हैं। उसका भाई कॉलेज में पढ़ता है। वहां पर अनजान लोग उससे मिलते हैं, फिर थोड़ी दोस्ती करते हैं और उसे कहते हैं कि अपनी बहन से कहो कि केस वापस ले लो। इसी तरह परिवार को धमकियां मिल रही हैं। उसने यह बात हाईकोर्ट में, जब आरोपी की मां की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई, उस समय रखी थी। इसके बाद हाईकोर्ट ने उसे इस बारे में शिकायत देने को कहा था। मेरा एक फोन भी जगरूप के पास: पीड़िता ने कहा- मेरा एक फोन अभी तक भी जगरूप के पास है। फोन में उसकी ईमेल व अन्य अकाउंट चलते थे। भले ही मैंने उसके पासवर्ड तक बदल लिए हैं, लेकिन मुझे संदेह है कि वह उसके जरिए हर चीज पर नजर रखता है। कुछ समय पहले की बात है कि वह पंजाब आई, तो उसे भी अनजान नंबरों से धमकियां आईं। फोन करने वालों को यह भी पता था कि मैं पंजाब में रह चुकी हूं। ऐसे में अब मुझे अपनी सिक्योरिटी का भी डर सता रहा है। मेरे मम्मी-पापा भी बुजुर्ग हैं। लोन लेकर पढ़ाई की थी, अब ब्याज बढ़ रहा: पीड़िता ने कहा कि जब उसने बीएएमएस की पढ़ाई करनी थी, तो घरवालों ने अपने कुछ पैसे जुटाए। इसके बाद करीब पांच लाख रुपए का एजुकेशन लोन लिया। लेकिन इस आफत की वजह से वह अपना करियर आगे नहीं बढ़ा पाई। एजुकेशन लोन चुकाना मुश्किल हो गया है। वह करीब सात लाख तक पहुंच गया है, जबकि इस केस की वजह से आने-जाने व वकीलों पर करीब पांच लाख खर्च हो चुका है, लेकिन अभी तक भी कोई रास्ता नहीं है। ***************** लुधियाना के युवक ने लेडी डॉक्टर को स्नैपचैट से फंसाया: अमृतसर बुलाया, वहां फोटो खींच वायरल करने की धमकी दे रेप किया, मांग भरी पंजाब में महिला डॉक्टर को स्नैपचैट पर हुई दोस्ती भारी पड़ गई। समराला (लुधियाना) के युवक ने पहले उसे प्यार के जाल में फंसाया, फिर शादी का झांसा देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी डॉक्टर को अमृतसर में धार्मिक स्थलों पर भी ले गया और इस दौरान उसकी फोटो खींच ली। (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *