लॉज के कमरे में फंदे से लटकी मिली GNM छात्रा:मधेपुरा में मां बोली- शादी नहीं करना चाहता था बॉयफ्रेंड, इसलिए हत्या कर टांग दिया

मधेपुरा में GNM की छात्रा का फंदे से लटका शव मिला है। छात्रा 5 साल से प्राइवेट लॉज में अकेले कमरा लेकर रह रही थी। मृतका की पहचान रूबी कुमारी(24) के रूप में हुई है। मृतका की मां ने बताया कि मेरी बेटी मधेपुरा के रहने वाले अमित कुमार से लव मैरिज करने वाली थी। हमलोग शादी के लिए पैसों का इंतजाम कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही अमित ने मेरी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। घटना सदर थाना क्षेत्र के किरण पब्लिक स्कूल के पास की है। वहीं, मृतका के परिवार सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र के झोकायर वार्ड-16 में रहते हैं। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए… रूबी की दोस्त बोली- गेट को धक्का देकर खोला रूबी के कमरे के बगल में रहने वाली खुशबू कुमारी ने बताया, मैं हर दिन की तरह सुबह 8 बजे रूबी को जगाने उसके रूम पर गई। वह अक्सर देर तक सोती थी तो मैं ही उसे उठाती थी। जब मैं उसके कमरे के पास पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद नहीं था, बल्कि हल्का-सा अटका हुआ था। मैंने पहले दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद मैंने गेट को धक्का देकर खोलने की कोशिश की, लेकिन वह पूरी तरह नहीं खुल रहा था। फिर मैंने कई बार जोर लगाया, तीन-चार बार धक्का देने के बाद दरवाजा खुल गया। दरवाजा खुलते ही मैंने देखा रूबी पंखे से लटकी हुई है। मैं तुरंत बाहर निकली और बगल के कमरे में रहने वालों को घटन की जानकारी दी। इसके बाद मकान मालिक और आसपास के लोगों को बुलाया। फिर मैंने रूबी के भाई और भाभी को फोन कर घटना की सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। खुशबू ने बताया, हम दोनों अच्छे दोस्त थे। एक ही जगह पर साथ में ड्यूटी करते थे। रूबी शांत स्वभाव की लड़की थी, इसलिए इस घटना से वह खुद भी सदमे में है। जॉब के बीच GNM की कर रही थी तैयारी मृतका की मां गायत्री देवी ने बताया, मेरी बेटी 5 साल पहले सुपौल से मधेपुरा ANM की पढ़ाई करने के लिए आई थी। ANM करने के बाद उसने GNM की तैयारी शुरू कर दी। इस दौरान वो जॉब भी कर रही थी। इसी बीच 4 साल पहले उसकी मुलाकात मधेपुरा के रहने वाले अमित कुमार से हुई थी। रूबी जहां जॉब करती थी, वहीं पर अमित अपने मेडिकल शॉप के लिए दवाई लेने आता था। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। धीरे-धीरे दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया। एक साल पहले अफेयर के बारे में मिली जानकारी गायत्री देवी ने आगे बताया, 3 साल तक घरवालों को इस अफेयर के बारे में जानकारी नहीं थी। करीब एक साल पहले मैं रूबी के पास कुछ दिन के लिए रहने के लिए आई। यहां देखा कि वो घंटों फोन पर किसी से बात करते रहती है। इसके बाद जब मैंने उससे पूछा कि तुम किससे इतनी देर तक बातें करती हो, तो उसने अमित के बारे में सब कुछ सच-सच बता दिया। पहले तो मैं लव मैरिज के लिए तैयार नहीं हुई, लेकिन रूबी ने जब मुझे अमित से मिलवाया और वो भी इससे शादी करने के लिए राजी हुआ तो मैंने हां कर दी। इसके बाद मैं और मेरा भतीजा रूबी का रिश्ता लेकर अमित के घर पहुंचे। वहां दोनों की शादी फिक्स कर दी। हालांकि, हमनें शादी के लिए थोड़ा सा समय मांगा। हमलोग आर्थिक रूप से थोड़े कमजोर थे, इस वजह से मैंने शादी को लेकर पैसे जुगाड़ करने के लिए समय मांगा। बेटी की दोस्त ने दी घटना की सूचना लॉज के बगल में रूबी की दोस्त खुशबू कुमारी ने घटना की सूचना दी। फिर हम मौके पर पहुंचे। बेटी के दोनों पैर जमीन को छू रहे थे। इसे देखकर मुझे पूरा विश्वास है कि अमित कुमार ने ही मेरी बेटी की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया है, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। इस मामले की पुलिस निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई करें। दरवाजा बाहर से बंद था वहीं, मृतका के भाई राजीव रंजन ने बताया, रविवार सुबह हमें फोन पर सूचना मिली कि रूबी कुमारी अपने कमरे में फंदे से लटकी है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर देखा कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। FIR दर्ज, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई सदर थाना अध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *