शंभू-अंबाला रेलवे ब्लास्ट, कुलविंदर को परिवार ने बताया निर्दोष:मानसा में मां बोली- गलत तरीके से फंसाया, ₹10 लाख कर्ज लेकर डेयरी चला रहा था

शंभू-अंबाला रेलवे बम ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार कुलविंदर सिंह के परिवार ने बेटे को निर्दोष बताया है। मानसा जिले के गांव बप्पियाणा से गिरफ्तार कुलविंदर के परिजनों ने पंजाब सरकार से इंसाफ की मांग की है। इस मामले में मानसा के प्रदीप सिंह खालसा और बप्पियाणा के कुलविंदर सिंह बग्गा को गिरफ्तार किया गया है। कुलविंदर सिंह की माता सरबजीत कौर ने दावा किया कि उनका बेटा बेकसूर है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कुलविंदर को खेत में काम करते समय गिरफ्तार किया। उनके बेटे का किसी गलत गतिविधि से कोई संबंध नहीं है और वह घर से बाहर भी कम ही जाता है। माता सरबजीत कौर ने यह भी बताया कि कुलविंदर ने 10 लाख रुपए का कर्ज लेकर भैंसों और गायों का डेयरी फार्म शुरू किया है। वह दूध का व्यवसाय करता है। परिवार का आरोप है कि उसे गलत तरीके से इस मामले में फंसाया जा रहा है। मौसी ने भी भांजे को निर्दोष बताया कुलविंदर सिंह की मौसी चरणजीत कौर ने भी अपने भांजे को निर्दोष बताया। उन्होंने कहा कि कुलविंदर काफी समय से बीमार चल रहा है और वह एक सीधा-साधा लड़का है। चरणजीत कौर ने भी किसी गलत संबंध से इनकार करते हुए उसे बेवजह फंसाने का आरोप लगाया। कुलविंदर के परिवार ने पंजाब सरकार से इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *