पटियाला पुलिस ने शंभू-अंबाला रेलवे ट्रैक पर हुए बम ब्लास्ट मामले में मानसा जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानसा निवासी प्रदीप सिंह खालसा और बप्पियाना निवासी कुलविंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रदीप सिंह खालसा के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। दूसरी ओर, प्रदीप सिंह की मां मनजीत कौर ने अपने बेटे को निर्दोष बताया है और पुलिस कार्रवाई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मनजीत कौर के अनुसार, पुलिस सुबह करीब 9 बजे उनके घर पहुंची और प्रदीप को जबरन अपने साथ ले गई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके बेटे को पानी या चाय तक नहीं पीने दी और बिना किसी स्पष्ट कारण के उठा लिया। पुलिस पर CCTV कैमरे तोड़ने के आरोप मनजीत कौर ने बताया कि उनका बेटा धार्मिक प्रवृत्ति का है और गुरुद्वारे में हेड ग्रंथी के रूप में सेवा करता था। वह पिछले कई दिनों से घर पर ही मौजूद था। उन्होंने तर्क दिया कि यदि उसका किसी आपराधिक गतिविधि से संबंध होता तो वह घर पर नहीं रहता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। प्रदीप के पड़ोसी हरदयाल सिंह ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि प्रदीप का इस तरह की किसी घटना से कोई लेना-देना नहीं है। हरदयाल सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस निर्दोष युवाओं पर झूठे मामले दर्ज कर उन्हें गलत रास्ते पर धकेल रही है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।