शिमला जिले में दो अलग-अलग मामलों में पुलिस और आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। इनमें से एक बड़ी बरामदगी शिमला शहर में हुई। पहला मामला सदर थाना शिमला क्षेत्र का है। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर एक ऑल्टो कार की तलाशी ली गई। वाहन से देसी शराब (ऊना नंबर-1) के 20 कार्टन बरामद हुए। प्रत्येक कार्टन में 12 बोतलें (750 मि.ली.) थीं, जिससे कुल 240 बोतलें जब्त की गईं। मौके पर मौजूद लोकपाल शर्मा (34), निवासी ओल्ड बस स्टैंड शिमला, ने खुद को वाहन का मालिक और ड्राइवर बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वाइन शॉप से अवैध शराब बरामद दूसरा मामला रोहड़ू उपमंडल के चिड़गांव क्षेत्र से सामने आया है। सहायक आयुक्त आबकारी की सूचना पर बडियारा स्थित एक वाइन शॉप पर छापा मारा गया। दुकान से 40 बोतल आईएमएफएल, 7 बोतल देसी शराब, 12 बोतल बीयर, 16 पिंट आईएमएफएल, 24 पिंट देसी शराब और 41 निप देसी शराब बरामद की गई। जांच में पता चला कि दुकान का लाइसेंस 31 मार्च 2025 को ही समाप्त हो चुका था। आरोपी निखिल मेहता, निवासी रोहड़ू, मौके पर कोई वैध परमिट पेश नहीं कर सका। दोनों मामलों में पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।