सिया हत्याकांड के विरोध में छात्र सड़कों पर उतरे:मंडी में एबीवीपी ने न्याय रैली निकाली; बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सुक्खू सरकार को घेरा

सरकाघाट में सिया गुलेरिया हत्याकांड के विरोध में पूरे प्रदेश के छात्रों में आक्रोश है। इसी क्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने गुरुवार को मंडी में विरोध रैली निकाली। छात्रों ने आरोपी को कड़ी सजा देने और सिया को न्याय दिलाने की मांग की। 13 अप्रैल को सरकाघाट के गोपालपुर क्षेत्र में 19 वर्षीय छात्रा सिया गुलेरिया की हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। छात्र संगठनों और आम जनता में इस घटना को लेकर गहरा रोष है। हिमाचल में अपराधियों में कानून का डर खत्म: साक्षी ठाकुर रैली के दौरान एबीवीपी की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य साक्षी ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है और सरेआम हत्याएं हो रही हैं। साक्षी ठाकुर ने पालमपुर और बिलासपुर में हुई ऐसी ही पिछली घटनाओं का भी जिक्र किया, जिन पर सरकार लगाम लगाने में नाकाम रही है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने को आंदोलन रहेगा जारी साक्षी ठाकुर ने चेतावनी दी कि छात्र सिया गुलेरिया हत्याकांड को लेकर चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता और आरोपी को सख्त सजा नहीं दी जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों ने प्रशासन से मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर जल्द न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *