सोनपुर गंडक नदी में छात्र डूबा, खोजबीन जारी:नाविकों ने 4 किशोरों को बचाया; सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

सोनपुर के कालीघाट पर शनिवार शाम गंडक नदी में स्नान के दौरान एक छात्र डूब गया। 15 वर्षीय अमित कुमार लापता है, जिसकी तलाश जारी है। नाविकों ने चार अन्य किशोरों को सुरक्षित बचाया। हरिहरनाथ थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि लापता छात्र की पहचान वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर निवासी हरेन्द्र सिंह के 15 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। अमित अपने पांच साथियों के साथ कालीघाट स्नान करने आया था। स्नान के दौरान अमित और उसका एक दोस्त तेज बहाव में फंस गए। घाट पर मौजूद नाविकों ने शोर सुनकर अमित के एक दोस्त को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अमित का पता नहीं चल सका। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की दो टीमों ने सबलपुर की ओर तक सर्च अभियान चलाया। देर शाम तक छात्र का पता नहीं चल पाया था। सीओ राजकुमार ने बताया कि खोजबीन लगातार जारी है। इस घटना के बाद कालीघाट की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिहार के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा हरिहरनाथ गजेंद्र मोक्ष देवस्थान कालीघाट पर राज्य के कोने-कोने से श्रद्धालु आते हैं। लोगों ने बताया कि यहां सुरक्षा की दृष्टि से टीआरएफ की तैनाती नहीं है और न ही बैरिकेडिंग की कोई व्यवस्था है। इन कमियों के कारण ऐसी घटनाएं घटित होती रहती हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए लोगों ने घाट पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था और स्थायी सुरक्षा इंतजामों की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *