हरियाणा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन एडमिशन प्रक्रिया मई 2026 के पहले सप्ताह से शुरू होगी। इसे लेकर उच्च शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों के लिए अहम निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी कॉलेजों में ऑनलाइन एडमिशन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए एक समर्पित कम्प्यूटर सेल बनाना अनिवार्य होगा। यह सेल तुरंत स्थापित किया जाएगा और संबंधित प्राचार्य की सीधी निगरानी में कार्य करेगा। छात्रों को मिलेगी फ्री सहायता
कंप्यूटर सेल की जिम्मेदारी होगी कि वह छात्रों को ऑनलाइन एडमिशन/रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने में निःशुल्क सहायता प्रदान करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी गंभीर मानी जाएगी और संबंधित के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। 25 अप्रैल तक प्रोफाइल अपडेट करना जरूरी
सभी कॉलेजों को एडमिशन पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसमें कॉलेज की बेसिक जानकारी, एडमिशन नोडल अधिकारी, बैंक डिटेल, यूजी कोर्स, फीस स्ट्रक्चर, विषय समूह और सीटों का विवरण शामिल है। विभाग ने सभी संस्थानों को यह प्रक्रिया 25 अप्रैल 2026 तक हर हाल में पूरी करने को कहा है। प्रशासन का कहना है कि इन व्यवस्थाओं से एडमिशन प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम और छात्र हितैषी बनाया जा सकेगा। सभी कॉलेजों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।