हिसार में AC में गैस भरने वाली किट में ब्लास्ट:युवक घायल, PLA मार्केट सामान लेने आया था; गर्मी और दबाव से हुआ विस्फोट

हिसार की पीएलए मार्केट में गुरुवार को एसी में गैस भरने वाली किट में ब्लास्ट होने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान भिवानी के विद्यानगर निवासी मुकेश के रूप में हुई है। मुकेश अपनी बाइक पर पीएलए मार्केट में खाने-पीने का सामान लेने आया था। जानकारी के अनुसार, वह एक रेहड़ी के पास खड़ा था। उसके सामने एक जूस की दुकान पर एक अन्य व्यक्ति भी सामान ले रहा था, जिसकी बाइक के पीछे रखे बैग में एसी गैस किट रखी हुई थी। बताया जा रहा है कि अत्यधिक गर्मी और दबाव के कारण अचानक वह किट फट गई। किट की नोजल का हिस्सा तेज गति से उछलकर सामने खड़े मुकेश के सिर में जा लगा। इस हादसे में मुकेश के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पीएलए मार्केट में हादसे के बाद की तस्वीरें… गंभीर हालत में निजी अस्पताल रेफर घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल मुकेश को उपचार के लिए चूड़ामणि अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हिसार के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंप्रेसर में अधिक गर्मी और दबाव के चलते ही यह विस्फोट हुआ। फिलहाल मुकेश का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *