संगरूर जिले के भवानीगढ़ स्थित गांव काकड़ा के नवदीप सिंह का शव इटली से उनके पैतृक गांव पहुंचा। यहां उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। काकड़ा निवासी सूरत सिंह तुंग के बेटे नवदीप सिंह तुंग लगभग चार साल पहले रोजी-रोटी कमाने के लिए इटली गए थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस मौके पर परिवार के सदस्यों ने बताया कि नवदीप जनवरी में भारत लौटने वाले थे, लेकिन किसी तकनीकी समस्या के कारण उन्हें रास्ते से ही इटली वापस लौटना पड़ा। 22 मार्च को संदिग्ध हालत में हुई थी मौत इसके बाद, 22 मार्च को इटली में नवदीप सिंह की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। लंबी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद, मृतक नवदीप सिंह का शव आज सुबह नई दिल्ली से हवाई जहाज द्वारा भवानीगढ़ के गांव काकड़ा लाया गया। पूर्व विधायक राजला सहित कई गणमान्यों ने जताया शोक इस अवसर पर पूर्व विधायक जगतार सिंह राजला, रणजीत सिंह तूर, हरविंदर सिंह काकड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री विजय इंदर सिंगला के पीए जगतार नमाड़ा सहित बड़ी संख्या में लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पंजाब सरकार से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की अपील भी की।