करनाल जिले के इंद्री में कोर्ट के सामने करनाल-इंद्री रोड पर मंगलवार को रोडवेज बस और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कंडक्ट समेत 8 यात्री घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। बस ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप जानकारी के अनुसार, करनाल डिपो के बस करनाल से यमुनानगर की ओर जा रही थी, जबकि डंपर विपरीत दिशा से करनाल की तरफ आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शी सोहन, राजबीर व रोशन ने बताया कि बस ड्राइवर की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे यात्रियों को जोरदार झटका लगा। आसपास के लोगों ने पहुंचाया अस्पताल हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मदद करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला। इसके बाद निजी वाहनों और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। समय रहते राहत मिलने से बड़ा नुकसान टल गया। इस हादसे के बाद बस में सवारियों ने बस ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की । 8 घायल, महिला की हालत गंभीर बस में सवार गांव खुखनी निवासी सुभाष व बिहार निवासी मंगली जो लड़ाव जा रही थी इनकी हालत अभी गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा रादौर निवासी प्रवीन, इंद्री निवासी गुरवंत कौर और ओमी देवी सहित 3 अन्य लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। सुभाष और मंगली को इलाज के लिए करनाल रेफर कर दिया है। इसके अलावा बस कंडक्टर मनीष को काफी चोटें आई है। जांच में जुटी पुलिस इंद्री थाना के एसएचओ विपिन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और स्थिति को कंट्रोल कर लिया गया। घायलों को तुंरत ही अस्पताल में भर्ती करवा दिया था। हादसे के कारणों के सही कारणों की गहनता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।