हिमाचल में चिट्टा, खनन और वन माफिया का बोलबाला:बिंदल बोले-कांग्रेस में गुटबाजी, भाजपा पूरी तरह संगठित; सीएम और मंत्रियों में रस्साकशी

हिमाचल भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पूरी तरह संगठित है, जबकि कांग्रेस अपनी आंतरिक कलह को छिपाने के लिए ऐसे बयान दे रही है। ऊना में एक प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. बिंदल ने कांग्रेस को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को लगता है कि भाजपा कमजोर है, तो वे चुनाव घोषित कर दें; जनता फैसला कर देगी। बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच रस्साकशी चल रही है। उन्होंने कहा कि शीर्ष अधिकारी भी आपसी टकराव में उलझे हुए हैं, जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता भुगत रही है। डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में चिट्टा माफिया, खनन माफिया, वन माफिया, कबाड़ माफिया और ट्रांसफर माफिया पूरी तरह सक्रिय हैं, और सरकार उनके सामने बेबस दिख रही है। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल में आम आदमी, बेटियां और अधिकारी कोई भी सुरक्षित नहीं है। मुख्यमंत्री कार्यालय और शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी उलझे डॉ. बिंदल के अनुसार, हिमाचल के इतिहास में यह पहली बार है जब मुख्यमंत्री कार्यालय और शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी आपसी संघर्ष में उलझे हैं, जिससे शासन व्यवस्था पूरी तरह बिखर गई है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार जनता की अपेक्षाओं पर विफल रही है और नैतिक रूप से सत्ता में बने रहने का अधिकार खो चुकी है। प्नदेश में कानून नहीं, माफिया राज उन्होंने आगे कहा कि हिमाचल में कानून का राज नहीं, बल्कि माफियाओं का राज चल रहा है, जिसका जवाब जनता अवश्य देगी। बिंदल ने प्रदेश में कानून व्यवस्था के चरमराने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकाघाट में एक छात्रा की निर्मम हत्या को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि इस घटना ने प्रदेश की अंतरात्मा को झकझोर दिया है। उन्होंने इस हत्या की बर्बरता को हिमाचल की सभ्यता और संस्कृति के विपरीत बताया। बिंदल ने सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर सरकार नशे के खिलाफ अभियान चलाने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर दिनदहाड़े नशे में धुत युवक एक बेटी की गर्दन काट देता है, जो सरकार के दावों की सच्चाई उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *