भिवानी जिले के तोशाम में नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत 16 अप्रैल को तोशाम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगी। वहीं तोशाम के तिकोना पार्क से चौधरी सुरेंद्र सिंह की प्रतिमा तक पद यात्रा निकाली जाएगी। इसको लेकर भिवानी के डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में नारी शक्ति वंदन अभियान को लेकर एक बैठक का आयोजन हुआ था। अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी डीसी ने नारी शक्ति वंदन अभियान को सफल बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी और जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। कार्यक्रम में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदार हो। वहीं बैठक में महिला एवं बाल विकास की जिला कार्यक्रम अधिकारी वैशाली ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा चुकी है।