BDPO ₹5 लाख रिश्वत लेता गिरफ्तार:कैथल में मकान गिराने का लेटर जारी किया, रोकने की एवज में पैसे मांगे

हरियाणा के कैथल में एक ब्लॉक डेवलपमेंट एंड पंचायत ऑफिसर (BDPO) को पांच लाख रुपए की रिश्त लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया है। आरोप है कि BDPO ने एक मकान गिराने का लेटर जारी किया था। वह शिकायतकर्ता को मकान गिराने की धमकी दे रहा था। इसी के एवज में उसने शिकायतकर्ता से 5 लाख रुपए की डिमांड की। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने शिकायत के आधार पर BDPO को रिश्वत लेते हुए उसके ऑफिस से गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को BDPO को कोर्ट में पेश किया जाएगा। स्टे के बावजूद लेटर जारी किया बदसुई गांव के संदीप की शिकायत पर ACB ने BDPO को पकड़ा। संदीप ने अपनी शिकायत में बताया कि साल 2000 के SDM कोर्ट के फैसले के खिलाफ सिविल कोर्ट और कमिश्नर कोर्ट से स्टे होने के बावजूद पंचायत अधिकारी जगजीत सिंह मकान गिराने का दबाव बना रहा है। मकान गिराने के लेटर के बाद संदीप ने जब गुहला BDPO जगजीत सिंह से फोन पर बात की। BDPO ने मकान न गिराने की एवज में 5 लाख की मांग की। BDPO की यह बात संदीप ने रिकॉर्ड कर ली और एंटी करप्शन ब्यूरो को सौंप दी। अब जानिए ACB इंस्पेक्टर ने क्या बताया… शिकायतकर्ता ने ACB को रिकॉर्डिंग दी ACB इंस्पेक्टर सूबे सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह बदसुई गांव के रहने वाले संदीप ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गुहला BDPO ऑफिस की तरफ से उन्हें मकान गिराने का नोटिस मिला है। BDPO जगजीत सिंह मकान न गिराने के बदले 5 लाख रुपए की मांग कर रहे हैं। संदीप ने इससे संबंधित रिकॉर्डिंग भी पेश की। BDPO ने पांच लाख लेकर ऑफिस बुलाया इंस्पेक्टर ने आगे बताया कि शाम को जगजीत सिंह ने संदीप को पैसे लेकर अपने ऑफिस में बुलाया। सिंचाई विभाग के एक्सईएन गुरविंद्र सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। संदीप को पाउडर लगे हुए 5 लाख रुपए दिए गए। धुलवाने पर हाथ गुलाबी हुए जैसे ही संदीप ने जगजीत सिंह को ऑफिस में पैसे दिए, उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। हाथ धुलवाने पर जगजीत के हाथ गुलाबी हो गए। इस पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है। फिलहाल जगजीत सिंह से पूछताछ जारी है और जिसकी भी संलिप्तता पाई जाएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *