मंडी के टिहरा वार्ड से रजिता वर्मा ने ठोंकी ताल:पूर्व मंत्री की बेटी बंदना गुलेरिया को मिली चुनौती; भाजपा में सियासी सरगर्मी हुई तेज

मंडी जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के टिहरा जिला परिषद वार्ड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के ओएसडी रहे दिवंगत कर्मवीर वर्मा की बहू रजिता वर्मा ने पार्टी की अधिकृत उम्मीदवार बनने के लिए दावेदारी पेश की है। उन्होंने भाजपा मंडल कार्यालय टिहरा में मंडल अध्यक्ष विनोद ठाकुर और अन्य पदाधिकारियों के समक्ष अपना आवेदन सौंपा। आरएसएस से जुड़ा है रजिता का परिवार रजिता वर्मा की दावेदारी को मौजूदा दावेदार बंदना गुलेरिया के लिए एक मजबूत चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। रजिता का परिवार लंबे समय से भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा से जुड़ा रहा है और क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ है। यह चुनौती बंदना गुलेरिया को उनकी ही गृह पंचायत से मिली है। वहीं, बंदना गुलेरिया पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की बेटी हैं और क्षेत्र की सक्रिय राजनीति में उनका खासा प्रभाव रहा है। वह पिछले कुछ वर्षों में भाजपा के करीब आईं और चार चुनाव लड़ चुकी हैं। हालांकि, वर्ष 2016 में उन्हें माकपा नेता भूपेंद्र सिंह से हार का सामना करना पड़ा था। अब एक बार फिर उनकी उम्मीदवारी पर सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्र का समग्र विकास और जनसेवा लक्ष्य रजिता वर्मा ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि उनका परिवार वर्षों से भाजपा की सेवा में समर्पित रहा है। उनके पति राजीव आर्य जिला युवा मोर्चा महामंत्री, प्रदेश आईटी सेल प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं और वर्तमान में मंडल प्रवक्ता हैं। उन्होंने अपने उद्देश्य के रूप में टिहरा क्षेत्र का समग्र विकास और पारदर्शी जनसेवा को बताया। एक ही उम्मीदवार को टिकट देने का विरोध इस अवसर पर मौजूद स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भी लंबे समय से एक ही उम्मीदवार को मौका दिए जाने का विरोध किया। उन्होंने इस बार नए चेहरे को अवसर देने की मांग उठाई। अब पार्टी नेतृत्व के फैसले का इंतजार है, क्योंकि यह निर्णय आने वाले समय में क्षेत्र की राजनीति की दिशा तय कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *