पानीपत में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से पिता की मौत:बेटा गंभीर, 500 मीटर तक घसीटा; बाइक से रिश्तेदारी से लौट रहे थे

पानीपत जिले के इसराना में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार पिता-पुत्र को टक्कर मार दी। इस हादसे में पिता की मौत हो गई और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना 15 अप्रैल को नई अनाज मंडी के पास हुई। करनाल निवासी 50 वर्षीय राजेंद्र की इलाज के दौरान पीजीआई रोहतक में मौत हो गई, जबकि उनका छोटा बेटा हर्ष आईसीयू में भर्ती है। जानकारी के अनुसार, बाल रांगडान गांव (करनाल) निवासी राजेंद्र अपने बेटे हर्ष के साथ मनाना (समालखा) में अपने किसी रिश्तेदार के पास से लौट रहे थे। 15 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे जब वे इसराना से पानीपत की ओर आ रहे थे, तभी एनसी मेडिकल कॉलेज और नई अनाज मंडी के बीच सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गए ट्रैक्टर-ट्रॉली टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्र दोनों सड़क पर गिर गए। बताया गया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली ने राजेंद्र को करीब 500 मीटर तक घसीटा। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत एनसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया था। बड़े बेटे की शिकायत पर केस दर्ज इलाज के दौरान 16 अप्रैल की सुबह राजेंद्र ने दम तोड़ दिया। मृतक के बड़े बेटे अंकित ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके पिता और छोटा भाई रिश्तेदारी में गए थे। इसराना थाना पुलिस ने अंकित के बयान के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ट्रैक्टर और उसके ड्राइवर की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *