राज्यपाल आचार्य देवव्रत शिक्षकों को सिखाएंगे प्राकृतिक खेती के गुर:भिवानी के शिक्षा बोर्ड में होगा कार्यक्रम, शिक्षा मंत्री व सिंचाई मंत्री भी होंगी शामिल

भिवानी के हांसी रोड स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में मंगलवार को प्राकृतिक खेती को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। जिसमें गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत पहुंचेंगे। इस दौरान शिक्षकों को प्राकृतिक खेती के गुर सिखाएंगे। शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा करेंगे। वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी व सांसद धर्मबीर सिंह पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, चरखी दादरी के विधायक सुनील सांगवान व बाढ़ड़ा के विधायक उमेद पातुवास भी शामिल होंगे। पूर्व सांसद के निधन पर भी जताएंगे शोक
डीसी कार्यालय से प्राप्त दौरा कार्यक्रम अनुसार राज्यपाल आचार्य देवव्रत 21 अप्रैल को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेगे। जिसमें वे शिक्षकों को प्राकृतिक खेती करने व उसके फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। वहां कार्यक्रम संपन्न होने के पश्चात वे पूर्व सांसद चौ. जंगबीर सिंह के निधन पर शोक प्रकट करने के लिए स्थानीय वैश्य कॉलेज के पंघाल भवन जाएंगे। इसके पश्चात राज्यपाल स्थानीन बया पर्यटन केंद्र आएंगे, यहां पर वे भिवानी व दादरी के पत्रकारों से मिलेंगे। इस दौरान नगर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे। 250 परिवारों को देंगे गमले
राज्यपाल आचार्य देवव्रत शिक्षा बोर्ड में प्राकृतिक खेती पर आयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस विशेष कार्यशाला में राज्यपाल द्वारा प्रदेशभर से शिक्षकों प्राकृतिक खेती के साथ-साथ संस्कारयुक्त शिक्षा पर विशेष संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान बोर्ड परिसर में रह रहे करीब 250 परिवारों को दो-दो मिट्टी के गमले भी दिए जाएंगे, जिनमें वे प्राकृतिक खाद का प्रयोग कर दो-दो पौधे या किसी सब्जी की बेल लगा सकेंगे। इस कार्यक्रम में प्रशिक्षण देने के लिए कुरुक्षेत्र से एक विशेष टीम भी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *