सांसद अमृतपाल-सिंह की NSA खत्म होने के बाद अगली कार्रवाई:आज अमृतसर पुलिस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में करेगी पेश

पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को आज अजनाला थाने पर हमले के मामले में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया जाएगा। बतादे कि पंजाब पुलिस की एक विशेष टीम 21 अप्रैल को असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल पहुंची थी, जहां अमृतपाल सिंह राष्ट्रीय सुरक्षा कानून यानी एनएसए के तहत बंद थे। हालांकि उनकी एनएसए के तहत नजरबंदी कल 22 अप्रैल को समाप्त हो चुकी है, जिसके बाद अब पुलिस इस पुराने मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर रही है। अमृतपाल सिंह के वकील एडवोकेट ऋतुराज सिंह ने बताया कि NSA समाप्त हो चुका है, लेकिन FIR नंबर 39 के तहत कानूनी कार्रवाई जारी है। इस मामले में धारा 307 समेत कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। उनके अनुसार, इस केस में शामिल अन्य सहयोगियों की पहले ही अदालत में पेशी हो चुकी है, जबकि अब अमृतपाल सिंह की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कराई जाएगी। आज होने वाली सुनवाई के दौरान पुलिस अदालत से अमृतपाल सिंह की रिमांड की मांग करेगी, ताकि अजनाला केस में उनसे पूछताछ की जा सके और जांच को आगे बढ़ाया जा सके। गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह को अप्रैल 2023 में मोगा के रोड़े गांव से गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले फरवरी 2023 में अजनाला पुलिस थाने पर बड़ा विवाद हुआ था, जब अमृतपाल अपने समर्थकों के साथ बैरिकेड्स तोड़कर थाने में घुस गए थे। इस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच झड़प भी हुई थी, जिसका मकसद एक गिरफ्तार साथी को छुड़ाना बताया गया था। इस मामले में अमृतपाल सिंह सहित कुल 41 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कर्मचारियों पर हमला, आपराधिक साजिश और दंगा जैसे गंभीर आरोप दर्ज किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, अमृतपाल इस केस के मुख्य आरोपी हैं। अब उनकी पेशी और संभावित रिमांड के बाद इस मामले में कानूनी प्रक्रिया और तेज होने की उम्मीद है। साथ ही यह मामला आने वाले समय में राजनीतिक रूप से भी अहम भूमिका निभा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *