आंगनबाड़ी केंद्र में गर्लफ्रेंड की गला रेतकर हत्या:कार में लिफ्ट लेकर भागा अमृतसर का युवक, CCTV से पकड़ा; शादी का दबाव बना रहा था

मुक्तसर में आंगनबाड़ी केंद्र में घुसकर एक युवक ने एक सहायिका का कटर से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से कार में लिफ्ट लेकर भाग गया, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा है। इसी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया है कि वह सहायिका से प्यार करता था और शादी करना चाहता था। जबकि, महिला शादीशुदा थी और अपने पति को नहीं छोड़ना चाहती थी। इसलिए, उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया। मृतका की पहचान 30 वर्षीय रमनदीप कौर के रूप में हुई है। वह 2 साल से आंगनबाड़ी में काम कर रही थी। आंगनबाड़ी में अकेली देख वारदात की यह वारदात बुधवार सुबह लंबी के गांव फतेहपुर मनियां में उस समय हुई रमनदीप कौर ड्यूटी पर अकेली थी। मृतका के पति गुरबूटन सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी सुबह आठ बजे ड्यूटी पर गई थी और कुछ देर बाद हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर वह लहूलुहान हालत में मिली। रमनदीप के दो छोटे बच्चे हैं। सूचना मिलते ही थाना लंबी पुलिस और डीएसपी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने करीब तीन घंटे के भीतर अमृतसर के गांव महिलावाला के रहने वाले आरोपी करनदीप पुत्र को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रमनदीप पर शादी का दबाव बना रहा था और उसे फोन पर परेशान करता था। महिला के इनकार करने पर आरोपी ने कटर और लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। गले, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए गए। मौके से ब्लेड भी बरामद हुए हैं। DSP बोले- 6 महीने पहले दोनों की दोस्ती हुई थी डीएसपी हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपी करनदीप सिंह और रमनदीप कौर की 6 महीने पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई थी और दोनों में प्रेम संबंध थे। करनदीप दबाव डाल रहा था कि रमनदीप अपने पति को छोड़ दे और उससे शादी कर ले। इनकार करने पर दोनों में अनबन थी, जिस कारण बात नहीं हो रही थी। गुस्से में आरोपी सुबह आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचा और हत्या कर दी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *