यमुनानगर में चलती डस्टर कार में लगी आग:ड्राइवर ने बाहर निकल बचाई अपनी जान, लोगों ने बाल्टियों से पानी डाल बुझाई

यमुनानगर जिले के जगाधरी में आज दोपहर सरस्वती स्कूल के सामने सड़क पर चलती एक डस्टर कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार के बोनट से धुआं उठने लगा और आग ने आगे के हिस्से को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे के समय सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। लोगों ने स्कूल से पानी की बाल्टियां भरकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बोनट से उठने लगी आग की लपटें जगाधरी की गंगानगर कॉलोनी निवासी गुलशन ने बताया कि वह किसी काम से छछरौली जा रहा था। जैसे ही वह सरस्वती स्कूल के पास पहुंचा, अचानक गाड़ी के अंदर से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते गाड़ी के बोनट से आग की लपटें उठने लगी। उसने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया और नीचे उतरकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग और अधिक भड़क गई। इसी दौरान आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाने की कोशिश की। स्कूल में से भरी पानी की बाल्टियां इसके बाद लोग पास के स्कूल से पानी की बाल्टियां भरकर लाए और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गुलशन के अनुसार, आसपास के लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी थी, लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। इस दौरान सड़क पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची डायल 112 टीम के रणबीर सिंह ने बताया कि आग लगने का कारण फिलहाल शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हादसे में ड्राइवर सुरक्षित है, लेकिन कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *