मूसेवाला के पूर्व मैनेजर सहित 8 के खिलाफ FIR:लुधियाना के 2 कारोबारियों से मांगी करोड़ों की रंगदारी;1 महीने में चौथा पर्चा दर्ज

लुधियाना के दोराहा में रंगदारी के मामलों को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मशहूर दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पूर्व मैनेजर शगनप्रीत सिंह, उनके भाई जगप्रीत सिंह, पिता सौदागर सिंह और मां दलजीत कौर सहित कुख्यात गैंगस्टर डोनी बाल और चार अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने दोराहा के 2 कारोबारियों से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने की कोशिश की। यह पिछले 1 महीने में आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया चौथा मामला है, जिससे उनकी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। 50 लाख और 1 करोड़ की मांगी रंगदारी
दोराहा निवासी सिमरनजीत अष्ट ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गैंगस्टर डोनी बाल ने उसे व्हाट्सऐप कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए धमकाया। आरोपी ने उससे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे न देने पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। वहीं, रेलवे रोड निवासी कारोबारी नरिंदर सिंह लक्की ने भी पुलिस को बताया कि उससे 1 करोड़ रुपये की मांग की गई। उसने आरोप लगाया कि 16 अप्रैल से 20 अप्रैल के बीच उसे लगातार कॉल कर धमकाया गया। इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
शिकायतों के आधार पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308, 351(2) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया है। पहले भी हो चुके हैं कई केस
इससे पहले 25 मार्च को पायल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ 1 करोड़ की रंगदारी मांगने का केस दर्ज किया था। इसके बाद 23 अप्रैल को समराला पुलिस ने गांव के सरपंच को धमकाने और 50 लाख की मांग के मामले में भी केस दर्ज किया था। शगनप्रीत का गैंगस्टर कनेक्शन
शगनप्रीत सिंह पहले ही यूथ अकाली दल नेता विक्की मिड्डूखेड़ा हत्याकांड में आरोपी रह चुका है। हाल ही में उसका नाम कबड्डी खिलाड़ी से प्रमोटर बने कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट में भी सामने आया था। वहीं, डोनी बाल का नाम देविंदर बंबीहा गैंग और गोपी घनश्यामपुरिया नेटवर्क से जुड़ा रहा है। वह पहले भी कई हाई-प्रोफाइल हत्याओं की जिम्मेदारी लेने और पंजाब के अलग-अलग इलाकों में रंगदारी रैकेट चलाने के आरोपों में चर्चित रहा है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। 25 दिन पहले खन्ना पुलिस ने शगनप्रीत का पिता किया अरेस्ट लुधियाना में फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के कथित पूर्व मैनेजर शगनप्रीत सिंह के पिता को 25 दिन पहले गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक रंगदारी के मामलों में पिता-पुत्र दोनों की संलिप्तता सामने आई है। मामला खन्ना के पायल क्षेत्र का है, जहां हाल ही में एक आढ़ती से एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी। फिरौती मांगने वाले ने खुद को गैंगस्टर डोनी बल बताकर पीड़ित को धमकाया था। शिकायत मिलने के बाद खन्ना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। फिरौती की मांग ऑस्ट्रेलिया में बैठे शगनप्रीत सिंह और पंजाब में रह रहे उसके पिता सौदागर सिंह सराओ ने मिलकर की थी। इसके बाद पुलिस ने सौदागर सिंह को पायल से गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *