बिहार में भीषण गर्मी महसूस की जा रही है। हालांकि, प्रदेश के उत्तार और पूर्वी जिलों में आंधी-बारिश से लोगों को राहत मिल रही थी। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी बुधवार को प्रदेश के 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें 19 जिलों में ऑरेंज और 19 में यलो अलर्ट है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इन जिलों में आकाशीय बिजली, आंधी और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 3 दिनों तक बिहार के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। प्रदेश में क्या बदला है मौसम मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बांग्लादेश के ऊपर भी एक परिसंचरण तंत्र सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से उत्तर-पश्चिमी बांग्लादेश की ओर एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। मध्य प्रदेश से कोमोरिन क्षेत्र तक एक अन्य ट्रफ फैली हुई है। इन वजहों से बिहार में 30 अप्रैल तक मौसम अस्थिर बना रहेगा और बारिश और तेज हवा चल सकती है। पटना में मौसम सुहावना, तापमान 35 डिग्री तक पहुंचा राजधानी में मौसम सुहावना बना हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो पिछले दिनों की तुलना में कम है। तेज हवा और बादलों की आवाजाही से राजधानीवासियों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि पटना समेत आसपास के जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है।