जीरकपुर के बाल्टाना में मंगलवार को एक महिला ने पुलिस पोस्ट के बाहर खुद को आग लगा ली। महिला रेप की शिकायत दर्ज न होने से परेशान थी। उसे गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों ने बताया कि पीड़िता पिछले कई दिनों से रेप की एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस के चक्कर लगा रही थी, लेकिन हर बार उसे टाल दिया जाता था। मंगलवार को वह अपने भाई के साथ दोबारा पुलिस पोस्ट पहुंची थी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें डांटकर बाहर निकाल दिया। पुलिस पर डांटकर भगाने का आरोप पीड़िता के भाई के अनुसार, इस अपमान और निराशा से आहत होकर महिला ने पुलिस पोस्ट के बाहर ही खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। वह करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गई। उसे पहले सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के कारण पीजीआई रेफर कर दिया गया। घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया। डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने एसएसपी को निष्पक्ष जांच करने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी हरमंदीप सिंह हंस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर अब एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच एसपी रैंक के अधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस ने कहा है कि पुलिस पोस्ट की सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपों की सच्चाई सामने लाई जाएगी।