बरनाला के 25 एकड़ इलाके में पेड़ों की कटाई और झुग्गी-झोपड़ियों को हटाने का मामला अब चर्चा में है। इस संबंध में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) की एक विशेष जांच टीम आज बरनाला पहुंची। यह टीम पर्यावरण प्रेमियों द्वारा न्यायालय में दायर याचिका के बाद मौके का जायजा लेने आई है। जांच अधिकारी कमल किशोर ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि पेड़ों की कटाई वाले स्थान का विस्तृत जायजा लिया गया है। कमल किशोर ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। इसके बाद ही मामले में अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कार्रवाई को हाईकोर्ट के आदेशों का सीधा उल्लंघन बताया पर्यावरण प्रेमी गुरप्रीत सिंह काहनेके ने कार्रवाई को हाईकोर्ट के आदेशों का सीधा उल्लंघन बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि झुग्गियों को हटाने के बहाने सालों पुराने हरे-भरे पेड़ों का ‘कत्लेआम’ किया गया है। काहनेके ने मांग की कि पर्यावरण को हुए इस नुकसान के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।