गर्मी में साढ़े 16 हजार मेगावाट तक पहुंचेगी बिजली डिमांड:3 महीने ज्यादा दबाव, आपात खरीद योजना लागू; 687 MW अतिरिक्त खरीद की मंजूरी

हरियाणा में इस साल गर्मी के पीक सीजन के दौरान बिजली की मांग नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान है। हरियाणा पावर परचेज सेंटर (HPPC) के मुताबिक 2026-27 में राज्य की अधिकतम बिजली मांग 16,454 मेगावाट तक जा सकती है, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर होगा। विभागीय प्रवक्ता विनोद कुमार ने बताया कि बढ़ती मांग और संभावित कमी को देखते हुए हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (HERC) ने जून से अगस्त के बीच 687 मेगावाट शॉर्ट टर्म बिजली खरीद को मंजूरी दी है। इससे पहले मई माह के लिए भी 6.10 रुपए प्रति यूनिट की दर से 1,345 मेगावाट बिजली खरीद का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे संशोधित कर सीमित अवधि के लिए लागू किया गया है। आपात कालीन खरीद योजना लागू बिजली संकट से निपटने के लिए आपात खरीद योजना भी लागू की गई है। इसके तहत गुजरात के मुंद्रा स्थित कोस्टल गुजरात पावर लिमिटेड (CGPL) से 380 मेगावाट और केंद्रीय विद्युत स्टेशनों से 337 मेगावाट अतिरिक्त बिजली लेने का निर्णय लिया गया है। आपूर्ति के अनुमान के अनुसार मई में 988 मेगावाट, जून में 2,532 मेगावाट और जुलाई में 2,605 मेगावाट तक बिजली की कमी हो सकती है। हालांकि अगस्त में यह कमी घटकर 1,428 मेगावाट और सितंबर में 296 मेगावाट तक रह जाएगी। राज्य में 16,604.71 मेगावाट उत्पादन राज्य की कुल स्थापित उत्पादन क्षमता 16,604.71 मेगावाट है, जबकि पिछले साल 2025 में गर्मी के पीक सीजन (मई-जुलाई) में अधिकतम मांग 15,300 मेगावाट तक पहुंची थी। इस बार इसमें बड़ा इजाफा होने की संभावना है। सरकार और बिजली विभाग ने बढ़ती मांग को देखते हुए अग्रिम तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि उपभोक्ताओं को कटौती का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *