लुधियाना के मेहरबान थाना क्षेत्र के ग्रीन सिटी इलाके में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट में बदल गया। हमले में एक ही परिवार के 5 लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप भी लगाए हैं। नवजोत सिंह ने बताया कि उसका मौसा बावा सिंह प्रॉपर्टी का कारोबार करता है। कुछ समय पहले उसने एक व्यक्ति की जमीन करीब 7 लाख रुपए में बिकवाई थी। इसके बाद उस व्यक्ति ने बावा सिंह से कहा कि वह उसके कुछ पैसे ब्याज पर किसी को दिलवा दे। बावा सिंह ने करीब डेढ़ लाख रुपए ब्याज पर किसी को दिलवा दिए। 40-50 हजार की रकम को लेकर हुआ विवाद उस व्यक्ति ने ज्यादातर पैसे लौटा दिए, लेकिन करीब 40-50 हजार रुपए बाकी रह गए। इसी रकम को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। आरोप है कि कुछ दिन पहले उक्त लोगों ने रास्ते में रोककर बावा सिंह की मोटरसाइकिल भी छीन ली थी। दो दिन पहले जब वे लोग दोबारा पैसे मांगने आए, तो बावा सिंह ने कथित तौर पर कह दिया कि “जिस तरह बाइक छीनी है, वैसे ही पैसे भी ले लो।” इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने अपने साथियों को बुला लिया और परिवार पर हमला कर दिया। बावा सिंह की आंख हुई चोटिल हमले में बावा सिंह, उनकी पत्नी जसबीर कौर, बेटे सहित कुल 5 लोग घायल हो गए। बावा सिंह की आंख पर गंभीर चोट आई है, जबकि उनकी पत्नी को भी चोटें लगी हैं। आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं के बाल तक खींचे और धक्के मारे। पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावर गांव सुजातवाल के रहने वाले हैं। घटना ग्रीन सिटी इलाके में हुई, जो थाना मेहरबान के अंतर्गत आता है। नवनीत ने कहा कि फिलहाल पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस का पक्ष उधर, थाना मेहरबान के एसएचओ जगदीप सिंह ने कहा कि वह पता कर रहे है कि मामले की जांच कौन सा अधिकारी कर रहा है। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।