देश में लगातार बढ़ रही महंगाई और विशेष रूप से कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुए इजाफे को लेकर आज पंजाब की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। लुधियाना के घंटा घर चौक पर आप नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा विशाल रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को जनविरोधी बताते हुए जमकर नारेबाजी की। अनोखे अंदाज में प्रदर्शन गले में डाले खाली सिलेंडर आज का प्रदर्शन अपने अनोखे स्वरूप के कारण चर्चा का विषय बना रहा। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से अपने गले में खाली गैस सिलेंडर लटका कर रोष जाहिर किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि केंद्र सरकार ने कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाकर छोटे कारोबारियों ढाबा संचालकों और हलवाइयों की कमर तोड़ दी है। इस बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी की थाली से भोजन दूर होता जा रहा है। बीजेपी सरकार के खिलाफ जमकर हुई नारेबाजी घंटा घर चौक पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह से गर्माया रहा। आम आदमी पार्टी के वर्करों ने भाजपा सरकार मुर्दाबाद और केंद्र सरकार होश में आओ के नारे लगाए। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि एक तरफ जनता बेरोजगारी और आर्थिक तंगी से जूझ रही है वहीं दूसरी तरफ केंद्र सरकार आए दिन तेल और गैस की कीमतें बढ़ाकर लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। दिग्गज नेताओं और विधायकों की रही मौजूदगी इस रोष प्रदर्शन में लुधियाना के लगभग सभी विधायक (MLAs) और भारी संख्या में आप कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायकों ने संयुक्त रूप से कहा कि कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने से बाजार में हर चीज के दाम बढ़ेंगे जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा। उन्होंने मांग की कि बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लिया जाए अन्यथा यह आंदोलन और तेज किया जाएगा। व्यापार जगत में भारी रोष प्रदर्शनकारियों ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि लुधियाना एक औद्योगिक शहर है और यहाँ हजारों की संख्या में छोटे-बड़े फूड आउटलेट्स और इकाइयां हैं जो कमर्शियल सिलेंडर का उपयोग करती हैं। कीमतों में अचानक हुई इस वृद्धि से व्यापार ठप होने की कगार पर है।