बहादुरगढ़ में ब्याज के लिए ऑटो चालक की पिटाई:कान काटा, हमलावरों ने अस्पताल तक किया पीछा, बोला-मूल से ज्यादा रुपए दे चुका

बहादुरगढ़ में शनिवार देर रात सूदखोरी और दबंगई का मामला सामने आया है। बिहार निवासी 25 वर्षीय ऑटो चालक विशाल कुमार ने बहादुरगढ़ के एक परिवार पर ब्याज के नाम पर मोटी रकम वसूलने, जान से मारने की धमकी देने और बर्बर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 38 हजार लिए, 70 हजार लौटाने का दावा मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले के गांव अमारी निवासी विशाल कुमार पिछले करीब 10 साल से बहादुरगढ़ के सांखोल गांव में किराए पर रहकर ऑटो चलाता है। विशाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने करीब एक साल पहले छोटूराम नगर निवासी दीपक प्रसाद और नितिन प्रसाद से 38 हजार रुपए उधार लिए थे। विशाल का आरोप है कि वह अब तक करीब 70 हजार रुपए नगद लौटा चुका है, इसके बावजूद आरोपी लगातार और पैसे मांग रहे हैं। सोना गिरवी रखकर भी नहीं लौटाया विशाल ने बताया कि उसके रिश्तेदार सन्नी ने भी इन्हीं आरोपियों से 40 हजार रुपए ब्याज पर लिए थे, जिसके बदले करीब 5 ग्राम सोना गिरवी रखा गया था। आरोप है कि सन्नी 20 हजार रुपए दे चुका है और बाकी रकम व ब्याज चुकाकर सोना वापस लेना चाहता था, लेकिन आरोपियों ने देने से इनकार कर दिया। रास्ता रोककर पहला हमला विशाल के अनुसार 2 मई की रात करीब 9 बजे वह ऑटो लेकर टिकरी बॉर्डर की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह एमआईई एरिया के पास मेट्रो स्टेशन के नजदीक पहुंचा, तभी दीपक प्रसाद और उसकी मां साधना ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने पैसे को लेकर दबाव बनाया, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान दीपक ने विशाल के बाएं हाथ पर दांत से काट लिया। अस्पताल पहुंचा तो फिर घेर लिया विशाल का कहना है कि वह इलाज के लिए सिविल अस्पताल बहादुरगढ़ पहुंचा, लेकिन आरोपी वहां भी पीछे-पीछे आ गए। अस्पताल के ड्रामा सेंटर के पास डॉक्टरों के सामने दोबारा हमला किया गया। पीड़ित के मुताबिक नितिन प्रसाद ने उसके कान पर काट लिया, जबकि साधना ने लात मारकर हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। भाई को बुलाया, तब बची जान विशाल ने बताया कि उसने घटना की सूचना अपने भाई मिथुन को दी, जिसके बाद वह अस्पताल पहुंचा। तब जाकर आरोपी मौके से हटे। सूदखोरी के आरोप, पुलिस जांच में जुटी पीड़ित ने आरोप लगाया है कि दीपक, नितिन और उनकी मां साधना लोगों को ऊंचे ब्याज पर पैसा देकर मोटी रकम वसूलते हैं और दबाव बनाने के लिए धमकी व मारपीट करते हैं।
पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित बयान देने के लिए मिला फिट डॉक्टर द्वारा विशाल को बयान देने के लिए फिट घोषित करने के बाद पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पाया कि मामला गंभीर मारपीट, धमकी और सामूहिक हमले का बनता है। मारपीट का वीडियो सामने आया घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पीड़ित के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश है और लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इन धाराओं में दर्ज हुआ केस पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 351(3), 126(2), 308(2), 308(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। ये धाराएं गंभीर चोट पहुंचाने, आपराधिक धमकी, जानलेवा हमले और सामूहिक अपराध से संबंधित हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 3 मई 2026 को रात 3:20 बजे थाना शहर बहादुरगढ़ में दर्ज किया गया। मामले की स्पेशल रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को ई-मेल के जरिए भेज दी गई है। जांच अधिकारी मौके पर जुटे मामले की आगामी जांच पुलिस ने शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सिपाही अमनजीत और अन्य पुलिसकर्मी अस्पताल व घटनास्थल पर जांच में जुटे हैं। SHO को भी मौके पर पहुंचने की सूचना दी गई थी। गौरतलब है कि, इससे पहले सामने आया था कि ऑटो चालक विशाल पर ब्याज के पैसों के विवाद में पहले सड़क पर हमला किया गया और फिर अस्पताल तक पीछा कर दोबारा मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान एक हमलावर ने उसका कान तक काट लिया था। अब पुलिस FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *