यमुनानगर में दूध के टैंकर ने ऑटो को मारी टक्कर:एक की मौत- दूसरा गंभीर घायल, सड़क किनारे खड़े बात कर रहे थे दोनों

यमुनानगर में जगाधरी बस स्टैंड के पास दूध के टैंकर की लापरवाही ने एक व्यक्ति की जान ले ली, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार टैंकर ने पीछे से थ्री-व्हीलर (ऑटो) को टक्कर मार दी, जिससे वह पलटकर पास खड़ी बाइक और दो लोगों पर गिर गया। हादसे में दबने से एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत के चलते अस्पताल में एडमिट है। मृतक की पहचान परमजीत निवासी गांव महलावाली के रूप में हुई है, जो कि दो बच्चों का पिता था और ऑटो चलाता था। जगाधरी सिटी थाना पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सड़क किनारे खड़े होकर कर रहे थे बातचीत गुरविंदर निवासी गांव टीन का माजरा ने बताया कि वह दूध बेचने का काम करता है। सुबह वह अपना काम निपटाकर करीब 6:45 बजे अपनी पत्नी कुसुम को बाइक पर बैठाकर जगाधरी बस स्टैंड छोड़ने आया था। करीब 7 बजे जब वह पत्नी को छोड़कर वापस घर की ओर लौट रहा था, तो पेट्रोल पंप के आगे ऑटो स्टैंड के पास उसका जानकार परमजीत निवासी गांव महलावाली मिल गया, जिसने उसे रोक लिया। उसने अपनी बाइक सड़क किनारे पर कच्चे में खड़ी कर दी और दोनों आपस में बातचीत करने लगे। थ्री-व्हीलर के नीचे दबे, एक की मौत इसी दौरान अचानक जगाधरी बस स्टैंड की तरफ से आ रहे एक दूध के पंजाब नंबर टैंकर ने लापरवाही और तेज रफ्तार में चलते हुए सामने जा रहे थ्री-व्हीलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही थ्री-व्हीलर का संतुलन बिगड़ गया और सीधे उसकी मोटरसाइकिल पर आ गिरा और फिर पलटकर उसके और परमजीत के ऊपर गिर गया। इस दौरान वे दोनों थ्री-व्हीलर के नीचे दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों को थ्री-व्हीलर के नीचे से निकाला और सिविल अस्पताल जगाधरी पहुंचाया। इलाज के दौरान परमजीत की मौत हो गई, जबकि उसे गंभीर चोटों के चलते यमुनानगर रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। गुरविंदर ने बताया कि उसके बाएं पैर, दाहिने बाजू और छाती में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। वहीं शिकायत के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *