हरियाणा के रेवाड़ी में शादी के तीन महीने बाद ही एक विवाहिता ने सुसाइड कर लिया। उसके परिवार का आरोप है कि बेटी के ससुर ने फोन कर कहा कि उसने फांसी लगा ली है। जब वह उसके ससुराल पहुंचे तो उसका शव बेड पर पड़ा हुआ था। उसका पति गायब था। उन्होंने यह भी कहा कि बेटी प्रेग्नेंट थी। रविवार को युवती के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद उसके मायके वालों को शव सौंप दिया। नाहड़ चौकी पुलिस ने पिता चरत सिंह के शिकायत पर पति, सास-ससुर और ननद ननदोई के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…. ससुर ने फोन कर कहा- फांसी लगा ली गांव लालपुरा निवासी चरत सिंह ने बताया कि उसकी सात बेटियां और एक बेटा है। पांचवें नंबर की बेटी प्रमिला (20) बीए पास थी। इसी साल 23 जनवरी को उसकी शादी लुखी निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। वह प्रेग्नेंट थी। धर्मेंद्र एक स्कूल में इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। शनिवार दोपहर प्रमिला के ससुर का फोन आया। पहले फोन कट गया, लेकिन दोबारा कॉल करने पर उन्होंने बताया कि प्रमिला ने फांसी लगा ली है। प्रमिला का शव बेड पर पड़ा था प्रमिला के चाचा कृष्ण ने बताया कि चरत सिंह पिछले तीन साल से परिवार के साथ राजस्थान के झुंझुनू जिले के खेतड़ी में पट्टे पर खेती कर रहे हैं। जब चरत सिंह का राजस्थान से फोन आया तो वह ग्रामीणों के साथ लुखी गांव पहुंचे। वहां पहुंचने पर देखा कि प्रमिला बेड पर लेटी हुई थी और उसके आधे पैर जमीन पर थे। कमरे में पानी बिखरा हुआ था और अलमारी खुली पड़ी थी। मौके पर तीन पुलिसकर्मी पहले से मौजूद थे। प्रमिला का पति गायब मिला उन्होंने बताया कि चरत सिंह के बड़े दामाद ने जब घटनास्थल की फोटो और वीडियो बनानी शुरू की, तो वहां मौजूद एएसआई नरेश कुमार ने उन्हें रोकते हुए फोन छीन लिया। एएसआई ने कहा कि जो भी जानकारी चाहिए, वे उपलब्ध करा देंगे। जिस कमरे में बेड पर प्रमिला का शव पड़ा था, वहां परिवार को अंदर जाने की भी अनुमति नहीं दी गई। प्रमिला का पति भी मौके से गायब था। पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिवार को सौंपा रविवार को लुखी गांव की पंचायत अस्पताल पहुंची। पंचायत ने सामाजिक परंपराओं का हवाला देते हुए लुखी में ही शव का अंतिम संस्कार करने की मांग रखी, लेकिन प्रमिला के परिवार ने इसे मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव मायके वालों को सौंप दिया। जांच अधिकारी बोले- पति समेत पांच पर केस दर्ज किया जांच अधिकारी नरेश कुमार ने कहा कि परिवार की डिमांड पर मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। प्रमिला के पति, सास, ससुर, ननद और ननदोई के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।