चंडीगढ़ में निगमकर्मी की मोबाइल चोरी के शक में हत्या:बाप-बेटे समेत 3 लोगों ने लात-घूंसे मारे, बेल्ट से गला घोंटा; अर्धनग्न लाश मिली थी

चंडीगढ़ के मनीमाजरा में नगर निगम कर्मचारी कृष्ण कुमार (27) की हत्या मोबाइल चोरी के शक में कर दी गई। उसका शव अर्धनग्न अवस्था में कलग्राम क्षेत्र के जंगल में मिला था। इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें बाप-बेटा और एक अन्य व्यक्ति शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनु रजक, उसके बेटे देव कुमार उर्फ सनी और धनिक कुमार शाह के रूप में हुई है। सभी मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। ये लोग मनीमाजरा के पास झुग्गियों में रह रहे थे और पीडब्ल्यूडी विभाग में लेबर का काम करते हैं। इन्होंने पुलिस के सामने कबूल किया है कि कृष्ण को लात-घूसों से पीटा। इसके बाद बेल्ट से गला घोंटकर उसकी जान ले ली। पूछताछ के दौरान शक हुआ मनीमाजरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव मिलने के बाद जांच शुरू की थी। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन कोई संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई। इसके बाद पास की झुग्गियों में रहने वालों से पूछताछ शुरू की गई। इस दौरान कृष्ण कुमार के साथ काम करने वाले मनु रजक, सनी उर्फ देव कुमार और धनिक कुमार शाह को पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन तीनों के बयान अलग-अलग थे, जिससे शक गहरा गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि कृष्ण कुमार उनके पास आता-जाता था। उनके दो मोबाइल फोन गायब हो गए थे, जिस पर उन्हें शक था कि उसने ही चोरी किए हैं। कहासुनी के बाद मारपीट हुई उन्होंने कृष्ण कुमार को बुलाया, लेकिन वह आरोप मानने को तैयार नहीं हुआ। इसी दौरान कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोपियों ने बेल्ट से उसका गला घोंट दिया। जब कृष्ण कुमार ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, तो उन्हें लगा कि उसकी मौत हो गई है। इसके बाद वे उसे घसीटकर पास के जंगल में फेंक आए। शरीर पर नहीं थे कपडे़ मृतक कृष्ण कुमार के भाई आनंद ने बताया कि कृष्ण कुमार रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे ड्यूटी पर गया था। उसकी ड्यूटी शाम 4 बजे खत्म हो जाती थी, लेकिन उस दिन ड्यूटी खत्म होने के बाद भी वह घर नहीं लौटा, जिससे परिवार चिंतित हो गया। आनंद के अनुसार, शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे पुलिस से उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई का शव मनीमाजरा के पास कलग्राम क्षेत्र के जंगल में रोड विंग के ऑफिस से करीब 20 किलोमीटर दूर मिला है। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा, जहां उन्होंने देखा कि कृष्ण कुमार का शव नग्न अवस्था में पड़ा था। करीब 15 साल से चंडीगढ़ में रह रहा परिवार मनीमाजरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनिंदर सिंह के मुताबिक, मृतक का परिवार करीब 15 साल से चंडीगढ़ में रह रहा है। उसके परिवार में माता-पिता और बड़ा भाई है। मृतक की शादी हो चुकी थी और उसका एक बच्चा भी है। यह परिवार बिहार में गोपालगंज का रहने वाले है। थाना प्रभारी ने कहा कि जो तीनों आरोपी हैं, वे शव मिलने वाली जगह से करीब 30 मीटर की दूरी पर मौजूद झुग्गियों में रहते थे। इसके चलते पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो उन पर शक हुआ। इसके बाद उन्होंने गुनाह कबूल लिया। उन्होंने बताया है कि जब वे शव को खींचकर जंगल में ले जा रहे थे, तब उसकी पेंट उतर गई थी। इसलिए, शव अर्धनग्न पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *