पंचकूला में 1200 पुलिसकर्मी संभालेंगे मतदान के दिन कमान:55 बॉडी कैमरों, 12 पेट्रोलिंग टीमें गश्त पर रहेंगी; इंटरस्टेट बॉर्डर पर कड़ी निगरानी

हरियाणा के पंचकूला में नगर निगम चुनाव को लेकर सेक्टर-4 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की रूपरेखा तैयार करते हुए सभी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए ताकि जिले में कानून-व्यवस्था बनी रहे। पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने बताया कि चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए करीब 1200 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिले के कुल 85 लोकेशन पर 204 बूथों पर मतदान होना है। सभी बूथों पर पुलिस की कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करवाया जाएगा ताकि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित रह सके। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों को चिह्नित कर लिया है। 4 टीयर गैस टीमें भी रिजर्व, तुरंत कार्रवाई होगी इसमें 21 लोकेशन के 36 बूथों को संवेदनशील और 21 लोकेशन के 59 बूथों को अति-संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जहाँ अतिरिक्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और स्वैट कमांडो की तैनाती की जाएगी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 4 टीयर गैस टीमें भी रिजर्व रखी गई हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। नाकेबंदी और पेट्रोलिंग, बॉर्डर से शहर तक कड़ी निगरानी पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जिले की सीमाओं को सुरक्षित करने के लिए 5 इंटर-स्टेट बॉर्डर नाकों पर 24 घंटे कड़ा पहरा लगा दिया गया है। इसके अतिरिक्त, शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर चुनाव से 48 घंटे पहले 20 विशेष नाके स्थापित किए जाएंगे। सुरक्षा के आधुनिक मापदंडों को अपनाते हुए पुलिस कर्मियों को 55 बॉडी कैमरों से लैस किया गया है ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। चुनाव के दौरान 12 पेट्रोलिंग टीमें लगातार गश्त करेंगी, जबकि ईआरवी, राइडर और पीसीआर वाहन भी हर पल मुस्तैद रहेंगे। धारा 163 के तहत हथियारों के दुरुपयोग को रोकने के लिए एसीपी व थाना प्रभारियों द्वारा शस्त्र जमा कराने की प्रक्रिया भी तेजी से पूरी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *