फाजिल्का में भारत-पाक सीमा पर किसान घायल:हाईवोल्टेज तारों की चपेट में आने से झुलसा, BSF ने अस्पताल पहुंचाया

फाजिल्का के सरहदी गांव मुहार खीवा मनसा में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय तारबंदी के पार खेती करने गया एक किसान हाई वोल्टेज बिजली तारों की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल किसान को मौके पर तैनात बीएसएफ जवानों ने तुरंत रेस्क्यू कर फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज जारी है। घायल किसान के बेटे बिट्टू सिंह ने बताया कि उनके परिवार की करीब 9 एकड़ जमीन अंतरराष्ट्रीय तारबंदी के उस पार स्थित है, जहां वे रोजाना खेती करने जाते हैं। घटना के दिन भी उनके पिता खेत में काम करने गए थे। घटना के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी इसी दौरान मोटर चलाने के लिए वह ट्रांसफार्मर पर तार लगाने चढ़े, तभी अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और बीएसएफ जवानों ने तुरंत मदद करते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया। सरकारी अस्पताल में तैनात डॉक्टर करण के अनुसार, किसान को गंभीर इलेक्ट्रिकल शॉक लगा है, जिससे उसके शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है और हालत को देखते हुए जरूरत पड़ने पर उसे किसी बड़े अस्पताल में रेफर किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *