पठानकोट में महिला की मौत मामले ने पकड़ा तूल:बच्चों के समर्थन में आईं किसान जत्थेबंदियां और पंचायतें, अल्टीमेटम दिया; बोले- हम इंसाफ दिलाएंगे

माधोपुर कैंट में महिला की 24 अप्रैल को हुई संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में रानीपुर के जसवंत सिंह और विभिन्न जत्थेबंदियों के नेता पीड़ित बच्चों की मदद के लिए आगे आए हैं। बच्चों का आरोप है कि उनकी मां की मौत सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित मर्डर है। आरोप है कि उनके पिता उन्हें और उनकी माता को लंबे समय से परेशान कर रहे थे। अब मामले में उन्हें पंथक और किसान संगठनों का साथ मिला है। उन्होंने पुलिस को चेतावनी दी है कि यदि बच्चों के पिता को गिरफ्तार नहीं किया गया तो किसान संगठन और पंथक जत्थेबंदियां इस मामले में संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगीं। 2024 में ही दी गई थी शिकायत बच्चों के समर्थन में उतरे जसवंत सिंह रानीपुर ने बताया कि मृतका ने अपनी मौत से पहले एसएसपी और एसएचओ मोहित को लिखित शिकायत दी थी कि उन्हें अपनी जान का खतरा है। आरोप है कि 2024 की यह दरख्वास्त पुलिस के पास होने के बावजूद प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। दावा-हादसे में बाइक ड्राइवर को चोटें नहीं आई जसवंत सिंह ने कहा कि महिला की मौत को सड़क हादसे का रूप दिया जा रहा है। उन्होंने तर्क दिया कि यदि यह मोटरसाइकिल से एक्सीडेंट होता, तो ड्राइवर को भी चोटें आतीं, लेकिन मामला पूरी तरह संदिग्ध है। मृतका ने पहले ही वीडियो बनाकर अपनी जान को खतरा बताया था। प्रशासन को चेतावनी जसवंत सिंह रानीपुर ने बच्चों के पक्ष में खड़े होकर प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि पुलिस जल्द से जल्द पिता और उस संदिग्ध महिला को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जाए। यदि रविवार तक आरोपियों को नहीं पकड़ा गया, तो सोमवार को किसान जत्थेबंदियों, पंचायतों और पंथक दलों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जसवंत ने कहा कि यह पंजाब है, यहां बच्चों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। ये है पूरा मामला पुलिस के अनुसार, 24 अप्रैल को बंदना शर्मा और सिमरनजीत कौर अड्डा माधोपुर से पैदल ही अपने गांव की ओर जा रही थीं। माधोपुर कैंट वाली चढ़ाई पर एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सिमरनजीत कौर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने बाइक सवार पर मामला दर्ज किया था। बेटा और बेटी ने लगाए गंभीर आरोप… मृतका सिमरनजीत कौर के बेटे दलजीत और बेटी स्नेहा ने पुलिस कार्रवाई से असंतुष्टि जताते हुए कहा कि उनकी मां की मौत बेशक बाइक की टक्कर से हुई है, लेकिन ये एक सोची-समझी साजिश के तहत हुआ। उनकी मां का एक्सीडेंट उनके पिता के इशारे पर किया गया। पिता का किसी अन्य महिला से प्रेम प्रसंग सिमरनजीत कौर की बेटी स्नेहा ने कहा कि उनके पिता उन्हें और उनकी मां को लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। आरोप है कि उनके पिता का किसी अन्य महिला के साथ प्रेम प्रसंग है। उसके पिता और वह महिला उसकी मां को रात-भर टॉर्चर करते थे। पुलिस कार्रवाई करती, तो मां जिंदा होती बेटे दलजीत ने कहा कि जब पिता और उसकी महिला मित्र के खिलाफ वो एसएसपी पठानकोट, कठुआ, जम्मू और डीआईजी ऑफिस तक गए। हर जगह गुहार लगाने के बावजूद उन्हें कहीं से इंसाफ नहीं मिला। अगर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती तो मां की जान बच सकती थी। मां को बुरी तरह पीटा गया उन्होंने कहा कि एक बार जब वह स्कूल गए थे, तब उसकी मां को बुरी तरह पीटा गया और उनसे कोरे कागजों पर जबरदस्ती साइन करवाए गए। बाद में पता चला कि वे फर्जी तलाक के कागजात थे। महिला ने मरने से पहले बनाई थी वीडियो महिला का एक पुराना वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अपने पति पर गंभीर आरोप लगाती सुनाई दे रही है। मरने से कुछ दिन पहले बनाए वीडियो में सिमरनजीत कौर ने आरोप लगाया कि उसके पति के एक महिला के साथ अवैध संबंध है। 5 साल पहले तक सब ठीक था, लेकिन जब से यह महिला उनके जीवन में आई है, उसका पति उसे और उसके बच्चों को बेरहमी से मारता-पीटता है। मारकर पंखे से लटका देने की धमकी देता था वीडियो में सिमरनजीत ने कहा कि उसका पति उसे तलवारों से डराता है और धमकी देता है कि वह उसे मारकर पंखे से लटका देगा या नहर में फेंक देगा। उसने यह भी आरोप लगाया कि पति ने बच्चों को भी जान से मारने की धमकी दी है। डरा-धमकार कागज पर साइन कराना चाहता था वीडियो में सिमरनजीत ने बताया कि उसका पति उसे डरा-धमकार किसी कागज पर साइन कराना चाहता है। उसे शक है कि वे तलाक के कागजात हो सकते हैं। प्रशासन से मदद की गुहार लगाई वीडियो के लास्ट में सिमरनजीत कौर ने न्याय की मांग की थी। उसने कहा था कि अगर उसे या उसके बच्चों को कुछ भी होता है, तो उसका जिम्मेदार उसका पति व वह महिला होगी। उसने प्रशासन से इस मामले में दखल देने और उसकी हंसती-बस्ती जिंदगी बर्बाद करने वालों को सजा देने की अपील की थी। पुलिस कर रही मामले की जांच थाना सुजानपुर प्रभारी मोहित टाक ने बताया कि बच्चों के पिता की अन्य डिटेल्स और कॉल रिकॉर्ड्स की गहराई से जांच कर रहे हैं। यदि इस दौरान कोई भी संदिग्ध तथ्य या साजिश का सबूत सामने आता है, तो पुलिस तुरंत संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *