जालंधर ग्रामीण पुलिस ने एक आरोपी को 100 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बैंक में सेल्ज मैनेजर के तौर पर नौकरी कर चुका है और अब एक चर्च का सेवादार है। इंस्पेक्टर पुष्प बाली की अगुवाई में सीआईए स्टाफ की टीम के एएसआई बलविंदर सिंह ने लांबड़ा-नकोदर क्षेत्र में गश्त और चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार युवक को रुकने का इशारा किया। चेकिंग के दौरान नकोदर-जालंधर रोड पर सिंघा गेट के पास पुलिस टीम ने रोका था। उसका मोटरसाइकिल नंबर PB47-G-3283 था। पुलिस पार्टी को देखकर संदिग्ध युवक घबरा गया और वापस मुड़ने का प्रयास करने लगा, जिस पर पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। आरोपी ने अपनी पहचान सैमुअल निवासी गांव तलवंडी नेपालां, थाना मखू, जिला फिरोजपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ये कार्रवाई की गई है। एसएसपी विर्क ने बताया कि 8 मई को सीआईए स्टाफ की टीम लांबड़ा-नकोदर क्षेत्र में गश्त और चेकिंग पर तैनात थी। इस दौरान नशा तस्कर काबू आया। उसके खिलाफ थाना लांबड़ा में एफआईआर नंबर 56 के तहत धारा 21बी, 61 और 85 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। जल्दी पैसा कमाने की लालसा में तस्करी का रास्ता अपनाया
एसएसपी जालंधर ग्रामीण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी तलवंडी नेपालां स्थित एक चर्च में सेवा करता था तथा पहले एक बैंक में सेल्स मैनेजर के रूप में भी कार्य कर चुका है। उसने कथित तौर पर जल्दी पैसा कमाने की लालसा में नशा तस्करी का रास्ता अपनाया और फिरोजपुर के सीमावर्ती क्षेत्रों से हेरोइन लाकर जालंधर, नकोदर और लांबड़ा क्षेत्र के गांवों में सप्लाई करता था। बाइक जब्त, अन्य तस्करों से लिंक का पता लगा रही पुलिस
पुलिस के अनुसार आरोपी से आगे पूछताछ जारी है ताकि नशा सप्लाई नेटवर्क के स्रोतों और खरीदारों की पहचान की जा सके। जांच के दौरान आरोपी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है तथा क्षेत्र में उसकी पूर्व गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है। इसके अलावा नशा तस्करी के माध्यम से कथित तौर पर अर्जित चल एवं अचल संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने हेतु भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को रिमांड के दौरान और खुलासों की उम्मीद है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपी द्वारा इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है।