मुजफ्फरपुर में एक महिला पर जबरदस्ती धर्म परिवर्तन, प्रतिबंधित मांस खाने और बुर्का पहनने का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सादपुरा मिल्की टोला में दूसरे धर्म के युवक से शादी करने वाली एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला (28) का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उसने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। महिला ने ससुर मो. बशीर, सास जिला खातून, देवर मो. शम्मीर और देवरानी अंजुम परवीन को नामजद किया है। दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, मारपीट, धमकी और अस्मिता भंग करने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा मामला… 2019 में हुई थी शादी, पेशे से हैं शिक्षिका पुलिस को दिए आवेदन में महिला ने बताया कि ससुराल पक्ष उसके वैवाहिक संबंध को स्वीकार नहीं कर रहे हैं और धर्म के आधार पर उसे अपमानित किया जाता है। उसे बार-बार धर्म बदलने के लिए मजबूर किया जा रहा है। विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज की जाती है। महिला यूपीसीएसी की तैयारी कर रही है। पेशे से शिक्षिका है। पति ग्राफिक्स डिजाइनर है। दोनों ने 2019 में लव मैरिज की थी। ससुराल वाले गोमांस खाने को कहते दैनिक भास्कर से फोन पर बातचीत में पीड़िता ने कहा, शादी के बाद से मेरे ससुरालवालों ने मेरी जिंदगी नरक बना दी है। मुझे मेंटली, फिजिकली टॉर्चर किया जा रहा है। मैं डिप्रेशन में चली गई हूं, जिसका इलाज चल रहा है। ससुरालवाले मेरी शादी तुड़वाने के लिए हर कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए वो मेरा चरित्र हनन करते हैं, मुझे गंदी-भद्दी गालियां दी जाती है। अपने धर्म को मानने से मना करते हैं, जबरन धर्म बदलाना चाहते हैं। बुर्का पहनने को कहा जाता है। बच्चा पैदा करने की मशीन समझा जाता है पीड़िता ने कहा, यहां माहौल ही अजीब है। ये लोग बच्चों को आमदनी का एक जरिया समझते हैं। चाहते हैं ज्यादा बच्चे पैदा करो ताकि मजदूरी करके पैसे ला सके। यहां इंसान को इंसान नहीं समझा जा रहा है। यह भी आरोप लगाया कि उसे बांझ कहकर अपमानित किया जाता है। कई बार उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। उसका कहना है कि ससुराल वाले चाहते हैं कि वह डरकर समझौता कर ले और अपने अधिकारों की लड़ाई छोड़ दे। पति साथ देते तो ससुराल वाले उन्हें भी पीटते पीड़िता ने कहा, मैं जब भी विरोध करती हूं तो मुझे मारा-पीटा जाता है। अगर मेरे पति बीच-बचाव करते हैं तो उनके साथ भी मारपीट होती है। मेरे पति हर परिस्थिति में मेरा साथ दे रहे हैं। यही वजह है कि ससुराल पक्ष के लोगों में और रोष है। पुलिस को दिए आवेदन में महिला ने बताया, उसके ससुर ने उसके और उसके पति के खिलाफ भरण-पोषण वाद न्यायालय में दायर किया गया है, जो फिलहाल लंबित है। इसी विवाद को लेकर परिवार में तनाव और बढ़ गया है। कपड़े फाड़ने और पिटाई का आरोप आवेदन में आरोप लगाया है कि इसी साल 18 फरवरी को आरोपियों ने उसके साथ गंदा काम करने की की। विरोध करने पर मारपीट की गई और उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए। कई बार उसकी हत्या करने की भी कोशिश की गई। इसके अलावा 20 से 40 लोगों की भीड़ जुटाकर पंचायत की गई, जहां उसके खिलाफ लोगों को भड़काने का प्रयास किया गया। वैवाहिक संबंध को सांप्रदायिक रंग देकर धर्म के आधार पर वैमनस्य फैलाने की कोशिश की जा रही है। जांच के बाद एक्शन होगाःSHO इधर, थानेदार चंद्रभूषण कुमार सिंह ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की जल्द ही की जाएगी। ————— इसे भी पढ़ें। ‘भाभी को गौ-मांस खिलाओ, मुस्लिम बनाओ’:हिंदू बहू पर ससुराल वालों का टॉर्चर; पति ने शेयर किया बहन का ऑडियो, बोली- काफिर को हमपर मत थोपो किशनगंज में एक हिंदू युवती ने 4 साल पहले मुस्लिम युवक से लव मैरिज की। महिला का आरोप है कि ससुराल वाले जबरन उसका धर्म बदलवाना चाहते हैं। इसे लेकर उसने FIR भी दर्ज कराई है। इन सबसे बीच महिला का पति उसके सपोर्ट में है। वो उसका धर्म नहीं बदलवाना चाहता। पूरी खबर पढ़ें।