पंजाब सीएम के खिलाफ ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ जारी हो:बठिंडा में हरसिमरत कौर बादल ने कहा-भगवंत मान कभी भी भाग सकते हैं

बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने रविवार को मौड़ मंडी में महिलाओं के साथ एक विशेष बैठक की। इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी की सरकार पर अब तक के सबसे गंभीर आरोप लगाए। हरसिमरत कौर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ तुरंत ‘रेड कॉर्नर नोटिस’ जारी होना चाहिए, क्योंकि उनके देश छोड़कर भागने की प्रबल संभावना है। सांसद बादल ने मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि भगवंत मान ने ऑस्ट्रेलिया में 2400 एकड़ जमीन खरीदी है। उन्होंने ‘आप’ नेता अमन अरोड़ा का नाम लेते हुए कहा कि उनके पास 170 करोड़ रुपये हैं। विजिलेंस विभाग के दुरुपयोग पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विरोधियों को दबाने के लिए इस एजेंसी का इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि असल में यह एक ‘झूठी सरकार’ है जो जनता के पैसों का गबन कर रही है। “पंजाब पर चढ़ा 5 लाख करोड़ का कर्ज” हरसिमरत कौर ने सरकार की वित्तीय नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि ‘आप’ सरकार ने पंजाब को कर्ज के जाल में फंसा दिया है। उनके अनुसार पंजाब पर अब तक 5 लाख करोड़ रुपये का कर्ज चढ़ाया जा चुका है। यह सरकार “नौवीं मंजिल से नोटों के थैले” फेंक कर फिजूलखर्ची कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि 6 महीने बाद जब यह सरकार जाएगी, तो कई बड़े घोटाले उजागर होंगे और गबन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। निजी आचरण और धार्मिक मुद्दों पर घेरा मुख्यमंत्री के व्यक्तिगत आचरण पर निशाना साधते हुए सांसद ने बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुबह 4 बजे शराब की बोतल खोल लेते हैं और उनमें सिखों वाला कोई गुण नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शराब के नशे में गुरुघर जाते हैं और अकाल तख्त साहिब के साथ टकराव मोल ले रहे हैं, जो उनकी ‘उल्टी गिनती’ का संकेत है।
हिसाब देने की दी चेतावनी सांसद बादल ने अंत में दोहराया कि न केवल मुख्यमंत्री बल्कि उनके विधायक भी विदेश भागने की तैयारी में हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति दुनिया के किसी भी कोने में चला जाए, उसे पंजाब की जनता के एक-एक पैसे का हिसाब देना ही होगा। उन्होंने कहा कि इस ‘तानाशाही’ और ‘धक्केशाही’ का अंत बहुत करीब है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *