फतेहाबाद में आढ़ती को लाठी-डंडों से पीटा, VIDEO:घर के बाहर 4 युवकों ने किया हमला; फर्जी खरीद की शिकायत दी थी

फतेहाबाद जिले के रतिया शहर में आढ़ती पर कार सवारों ने जानलेवा हमला कर दिया गया। यह हमला शनिवार दोपहर को आढ़ती के घर के बाहर ही किया गया। चार युवक एक गाड़ी में सवार होकर आए और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। आढ़ती का बेटा घर से बाहर निकला और शोर मचाया तो आरोपी कार में सवार होकर फरार हो गए। बाद में घायल हुए आढ़ती को रतिया के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली। हमले की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। आढ़ती ने तीन महीने पहले ही एसपी को शिकायत देकर जान का खतरा बताया था। फर्जी खरीद की थी शिकायत घायल आढ़ती संजीव कुमार मंगला ने बताया कि उन्होंने कुछ लोगों द्वारा किए जा रहे कथित जाली परचेज घोटाले की शिकायत सरकारी खाद्य एजेंसी और एफसीआई विभाग में की थी। शिकायत के बाद संबंधित लोगों की डंपिंग बंद कर दी गई थी। संजीव कुमार का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उन पर यह हमला करवाया गया है। संजीव कुमार ने रतिया निवासी शुभम कुमार और राहुल कुमार पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी बताया कि करीब तीन महीने पहले उन्होंने एसपी को शिकायत देकर अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। घर खाना खाने के लिए आए थे संजीव कुमार ने बताया कि वह दोपहर को अनाज मंडी स्थित अपनी दुकान से मॉडल टाउन स्थित घर खाना खाने के लिए गए थे। जैसे ही कार से नीचे उतरकर घर की तरफ बढ़े तो इसी दौरान घर के बाहर चार युवकों ने उन पर हमला कर दिया। संजीव कुमार के अनुसार, शोर सुनकर आसपास के लोग और उनका बेटा निपुण मंगला मौके पर बाहर आ गए, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। हमले में उनके सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई हैं। फिलहाल, उनका रतिया के सिविल अस्पताल में इलाज जारी है। जानिए… सीसीटीवी फुटेज में क्या दिखाई दिया सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि आढ़ती के घर के पास एक गाड़ी पहले आकर रुकती है। इसके बाद आढ़ती अपनी गाड़ी लेकर घर के बाहर पहुंचता है। जैसे ही वह नीचे उतर कर घर की ओर बढ़ता है, तो पहले से खड़ी गाड़ी में से चार युवक उतरते हैं। उतरते ही सभी डंडों से आढ़ती पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर देते हैं। इतने में ही आढ़ती का बेटा बाहर आता है और वह अपने पिता को बचाने का प्रयास करता है। इसके बाद आरोपी गाड़ी में सवार होकर फरार हो जाते हैं। आढ़ती का बेटा उन आरोपियों की कार पर वार करते हुए उनके पीछे दौड़ता है, लेकिन वे तेजी से निकल जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *